1. Home
  2. हिंदी
  3. चुनाव
  4. लोकसभा उपचुनाव : भाजपा उम्मीदवारों की घोषणा, आजमगढ़ से फिर लड़ेंगे दिनेश लाल ‘निरहुआ’, रामपुर से घनश्याम लोधी
लोकसभा उपचुनाव : भाजपा उम्मीदवारों की घोषणा, आजमगढ़ से फिर लड़ेंगे दिनेश लाल ‘निरहुआ’, रामपुर से घनश्याम लोधी

लोकसभा उपचुनाव : भाजपा उम्मीदवारों की घोषणा, आजमगढ़ से फिर लड़ेंगे दिनेश लाल ‘निरहुआ’, रामपुर से घनश्याम लोधी

0
Social Share

नई दिल्ली, 4 जून। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। इसके तहत आजमगढ़ से भोजपुरी स्टार दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ को आजमगढ़ से फिर टिकट दिया गया है जबकि रामपुर से घनश्याम लोधी मैदान में उतरेंगे।

गौरतलब है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में दिनेश ‘निरहुआ’ भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं, जहां उन्हें समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव के हाथों ढाई लाख से ज्यादा वोटों से हार का सामना करना पड़ा था। फिलहाल बीते विधानसभा चुनाव में करहल (मैनपुरी) से जीत हासिल करने के बाद अखिलेश ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की हैसियत से बैठने का फैसला करते हुए आजमगढ़ लोकसभा सीट छोड़ दी थी।

वहीं आजम खान भी 2019 में रामपुर से सांसद बने थे। लेकिन पिछले विधानसभा चुनाव में उन्होंने जेल में रहते हुए जीत हासिल की और अखिलेश यादव के साथ उन्होंने भी लोकसभा सीट छोड़ने का फैसला किया। इसके चलते अब इन दोनों सीटों पर उपचुनाव कराया जा रहा है।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय के प्रभारी अरुण सिंह की ओर से जो लिस्ट जारी की गई है, उसमें लोकसभा उपचुनाव के निमित्त इन दोनों प्रत्याशियों के अलावा त्रिपुरा की चार एवं दिल्ली, आंध्र प्रदेश और झारखंड की एक-एक विधानसभा सीटों के लिए प्रस्तावित उपचुनाव के लिए भी उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं।

दिनेश लाल ने केंद्रीय और राज्य नेतृत्व का जताया आभार

इस बीच आजमगढ़ से एक बार फिर टिकट मिलने पर दिनेश लाल यादव ने खुशी जाहिर की और इसके लिए केंद्रीय व प्रदेश नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने एक ट्वीट में लिखा, ‘मेरे ऊपर भरोसा जताने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमिल शाह, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा के समस्त केंद्रीय नेतृत्व और राज्य नेतृत्व का आभार। आजमगढ़ की सम्मानित जनता-जनार्दन का स्नेह और आशीर्वाद लेने को उत्सुक हूं। उनके अपार समर्थन और विश्वास से ही आजमगढ़ विकास और समृद्धि के नए सोपान को प्राप्त करेगा।’

निरहुआ ने आजमगढ़ की जनता से मांगा समर्थन

इसके पूर्व शुक्रवार को भी दिनेश लाल ‘निरहुआ’ ने अपनी दावेदारी के लिए ट्विटर पर पोस्ट डाला था। इस पोस्ट के माध्यम से उन्होंने कहा था कि जाति धरम न कवनो भरम, न कौवनौ मनबढ़ के लिए, कमल का बटन दबईह भैय्या, अपने आजमगढ़ के लिए। इस पोस्ट के जरिए निरहुआ ने इस बार के उपचुनाव में जनता से भाजपा को जिताने की अपील की थी। इससे पहले भी कई बार निरहुआ उपचुनाव लड़ने की इच्छा जता चुके थे।

इसी वर्ष सपा छोड़कर भाजपा में आए थे घनश्याम लोधी

वहीं घनश्याम लोधी की बात करें तो वह कभी समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता थे। उन्होंने एमएलसी रहते इसी वर्ष जनवरी में सपा छोड़कर भाजपा का हाथ थामा था। उन्होंने तब आरोप लगाया था कि समाजवादी पार्टी में पिछड़ों को उचित सम्मान नहीं मिला है। घनश्याम लोधी की गिनती ओबीसी वर्ग के बड़े नेताओं में होती है। पार्टी ने उन्हें रामपुर से लोकसभा टिकट देकर प्रदेश में ओबीसी वोटर्स को भी साधने की कोशिश की है।

 

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code