भीलवाड़ा : री-नीट का फर्जी पेपर बेचता युवक गिरफ्तार, ‘पेपर माफिया’ नाम से चलाया था टेलीग्राम चैनल
भीलवाड़ा, 19 जून। री-नीट परीक्षा से ठीक पहले राजस्थान पुलिस ने एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। भीलवाड़ा जिले में फर्जी री-नीट पेपर तैयार कर उसे सोशल मीडिया पर बेच रहे एक शातिर युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने ‘पेपर माफिया’ नाम से टेलीग्राम चैनल बनाकर भोले-भाले परीक्षार्थियों को असली पेपर का झांसा देकर फर्जी पेपर बेचा जा रहा था। आरोपी अमेरिकी VPN का इस्तेमाल कर अपनी पहचान छिपाने की कोशिश कर रहा था।
रात में छापेमारी, युवक गिरफ्तार
जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देशन में प्रताप नगर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई की। थाना प्रभारी सुनील ताड़ा के नेतृत्व में टीम ने न्यू पटेल नगर विस्तार स्थित एक मकान पर आधी रात को अचानक दबिश दी। मौके से 19 वर्षीय आकाश नामक युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। जब पुलिस पहुंची, तब आकाश सोशल मीडिया के जरिए फर्जी पेपर बेचने की गतिविधि कर रहा था।
आरोपी की पहचान
आकाश मूल रूप से चूरू जिले के रावतसर कुजला का रहने वाला है। रात भर पूछताछ के बाद शुक्रवार सुबह उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब उससे सघन पूछताछ कर पूरे गिरोह और सिंडिकेट का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
पुलिस अलर्ट
21 जून को होने वाली री-नीट परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। एसपी सागर राणा ने साफ निर्देश दिए हैं कि परीक्षा में किसी भी तरह की धांधली या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ‘आई-मेक पोर्टल’ पर मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई।पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है और अन्य संदिग्धों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
