जम्मू-कश्मीर : पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला पर फायरिंग की कोशिश, सुरक्षाकर्मियों ने हमलावर को दबोचा
जम्मू, 11 मार्च। नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला पर बुधवार देर शाम यहां फायरिंग की कोशिश की गई। अधिकारियों के अनुसार अब्दुल्ला ग्रेटर कैलाश इलाके में एक शादी समारोह में पहुंचे थे। उनके साथ जम्मू-कश्मीर के डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी भी मौजूद थे।
डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी के साथ एक शादी समारोह में गए थे अब्दुल्ला
घटना की सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि जब फारूक अब्दुल्ला शादी से जा रहे थे, तभी हमलावर कमल सिंह जामवाल ने पीछे से आकर अब्दुल्ला के सिर पर बंदूक तान दी और गोली चलाने की कोशिश की। हालांकि अब्दुल्ला के साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें बचा लिया और हमलावर को पकड़ लिया।
सीएम उमर अब्दुल्ला बोले- Z+ सिक्योरिटी में कोई करीब कैसे आया
इस बीच जम्मू-कश्मीर के सीएम और फारूक अब्दुल्ला के बेटे उमर अब्दुल्ला ने X पर लिखा कि एक आदमी लोडेड पिस्टल लेकर प्वॉइंट-ब्लैंक रेंज में आ गया और गोली चला दी। अल्लाह का शुक्र है कि मेरे पिता बाल-बाल बचे थे। सवाल उठता है कि कोई Z+ NSG प्रोटेक्टेड पूर्व सीएम के इतने करीब कैसे पहुंच गया।’
Allah is kind. My father had a very close shave. The details are sketchy at the moment but what is known is that a man with a loaded pistol was able to get within point blank range & discharge a shot. It was only the close protection team that deflected the shot & ensured that… https://t.co/hYBe64Eigl
— Omar Abdullah (@OmarAbdullah) March 11, 2026
वहीं घटना के बाद डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी ने कहा – पुलिस से पूछना चाहिए कि रॉयल पार्क में इतनी बड़ी चूक कैसे हो गई। वहां लोकल पुलिस से कोई नहीं था। यह बहुत बड़ी सिक्योरिटी चूक है।
कमल सिंह जामवाल ने अब्दुल्ला के सिर पर तान दी थी बंदूक
अधिकारियों ने बताया कि फारूक अब्दुल्ला और सुरिंदर चौधरी सुरक्षित हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमले के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है।

हमलावर बोला – फारूक अब्दुल्ला 20 वर्षों से टारगेट थे
हमलावर कमल सिंह जामवाल ने पुलिस को बताया- ‘मैं पिछले 20 वर्षों से फारूक अब्दुल्ला को मारना चाहता था। यही मेरा मकसद था।’ हमलावर पिछले कई वर्षों से लाइसेंसी हथियार इस्तेमाल कर रहा है।
बताया जाता है कि सुरजीत सिंह नेशनल कॉन्फ्रेंस का कार्यकर्ता है, जिसके बेटे की शादी में फारूक अब्दुल्ला, डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी और दूसरे बड़े नेता शामिल हुए थे। हमलावर सुरजीत सिंह का कजिन है। कमल जामवाल एक बिजनेसमैन है, जिसकी पुराने शहर में कुछ दुकानें हैं।
3 बार सीएम रह चुके हैं फारूक अब्दुल्ला
डॉ. फारूक अब्दुल्ला जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री हैं। उनके पिता शेख अब्दुल्ला भी मुख्यमंत्री थे जबकि उनके बेटे उमर अब्दुल्ला मौजूदा समय राज्य के मुख्यमंत्री हैं। फारूक अब्दुल्ला ने मेडिकल की पढ़ाई की और कुछ समय तक डॉक्टर के रूप में काम किया, लेकिन बाद में वह राजनीति में आ गए और अपने पिता की पार्टी से जुड़कर सक्रिय राजनीति करने लगे। फारूक अब्दुल्ला तीन बार जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। उनका पहला कार्यकाल 1982 से 1984 तक, दूसरा 1986 से 1990 तक और तीसरा 1996 से 2002 तक रहा। इसके अलावा वह लोकसभा सदस्य भी रह चुके हैं। वह 2009 से 2014 तक केंद्रीय ऊर्जा मंत्री भी रह चुके हैं।
