1. Home
  2. हिन्दी
  3. चुनाव
  4. अमित शाह की बंगाल में खुली चेतावनी- ‘चुनाव के दिन घर से बाहर न निकलें तृणमूल के गुंडे…’
अमित शाह की बंगाल में खुली चेतावनी- ‘चुनाव के दिन घर से बाहर न निकलें तृणमूल के गुंडे…’

अमित शाह की बंगाल में खुली चेतावनी- ‘चुनाव के दिन घर से बाहर न निकलें तृणमूल के गुंडे…’

0
Social Share

बांकुड़ा (पश्चिम बंगाल), 11 अप्रैल। चुनावी दौरे पर पश्चिम बंगाल में मौजूद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को बांकुड़ा जिले के ओंदा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर जमकर निशाना साधा और हुंकार भरी कि यदि राज्य में भारतीय जनता पार्टी (BJP) सत्ता में आती है तो टीएमसी के ‘सिंडिकेट राज’ का पूरी तरह सफाया कर दिया जाएगा। उन्होंने राज्य में महिलाओं पर अत्याचार करने वाले अपराधियों को हर हाल में सजा दिलाने की बात भी कही।

भारत कोई ‘धर्मशाला’ नहीं, घुसपैठियों को निकाल फेंका जाएगा

घुसपैठ के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए अमित शाह ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “भारत कोई ‘धर्मशाला’ नहीं है, और देश की सुरक्षा के लिए खतरा बनने वाले घुसपैठियों को यहां से बाहर निकाल फेंका जाएगा।”

शाह ने मंच से टीएमसी के संरक्षण में रहने वाले असामाजिक तत्वों और उपद्रवियों को सीधी चेतावनी देते हुए कहा, ‘मैं तृणमूल के पाले हुए गुंडों को एक सीधा और साफ संदेश दे रहा हूं, वे चुनाव के दिन अपने घरों से बाहर न निकलें। आम जनता को परेशान करने की भूल बिल्कुल न करें, वर्ना चुनाव के बाद आपका क्या अंजाम होगा, आप इसकी कल्पना भी नहीं कर सकते।’

ओंदा और विष्णुपुर के उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार करने पहुंचे अमित शाह ने भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या का मुद्दा भी उठाया। तृणमूल को सख्त चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा, ‘पिछले चुनावों के बाद से हमारे 300 भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गई थी। ममता के संरक्षण में इन हत्याओं को अंजाम देने वाले सभी लोगों और महिलाओं व बच्चियों के खिलाफ अपराध या अन्याय करने वालों को जेल जाना होगा।’

‘भाजपा के सत्ता में आते ही तृणमूल के गुंडों को चुन-चुन कर बाहर निकालेंगे’

अमित शाह ने आगे कहा – ‘तृणमूल के गुंडों को लगता है कि उनका कुछ नहीं बिगड़ेगा, लेकिन मैं आपसे कहता हूं कि एक बार हमारी सरकार बनने दीजिए, हम उनमें से एक-एक से हिसाब चुकता करेंगे। ये गुंडे अभी ममता के संरक्षण में खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं, लेकिन जैसे ही भाजपा सत्ता में आएगी, हम उन्हें चुन-चुन कर बाहर निकालेंगे।’

बालूचरी साड़ियों और पांचमुरा के टेराकोटा घोड़ों के लिए GI टैग सुरक्षित होगा

बांकुड़ा की रैली में अमित शाह ने यह भी घोषणा की कि राज्य में सत्ता संभालने के तुरंत बाद उनकी सरकार इस क्षेत्र की प्रसिद्ध बालूचरी साड़ियों और पांचमुरा के टेराकोटा घोड़ों के लिए जीआई (GI) टैग सुरक्षित करेगी। ओंदा की रैली में गृह मंत्री ने क्षेत्र के आलू उत्पादक किसानों को विशेष आश्वासन देते हुए कहा कि किसानों की उपज को देश के कोने-कोने में भेजा जाएगा ताकि उन्हें अपनी फसलों का सही और लाभकारी मूल्य मिल सके।

आलू किसानों की दुर्दशा को लेकर भी दिए कई संदेश

शाह ने राज्य में आलू की खेती, विशेष रूप से बांकुड़ा क्षेत्र में और यहां के किसानों की दुर्दशा को लेकर भी कई संदेश दिए। उन्होंने कहा कि आलू किसान अपनी उपज को दो रुपये की कीमत पर भी नहीं बेच पा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘यह ममता के अहंकार का परिणाम है। वह आलू को झारखंड, बिहार या ओडिशा भेजने की अनुमति देने से इनकार करती हैं। नतीजतन, आलू किसानों को घोर निराशा में छोड़ दिया गया है। उनकी मुसीबतें चरम स्तर पर पहुंच गई हैं।’

किसान जल्द ही पूरे देश में बेहतर गुणवत्ता वाले आलू के बीजों का निर्यात करेंगे

अमित शाह ने कहा, ‘हमारी सरकार बनते ही हम दूसरे राज्यों में आलू बेचने की सुविधा प्रदान करेंगे। किसानों को अब पंजाब से आलू के बीज मंगाने की आवश्यकता नहीं होगी। अब से, उच्च गुणवत्ता वाले आलू के बीजों का उत्पादन यहीं बिष्णुपुर में किया जाएगा। स्थानीय किसान जल्द ही पूरे देश में बेहतर गुणवत्ता वाले आलू के बीजों का निर्यात करेंगे। आलू किसानों के लिए एक विशेष बोर्ड भी स्थापित किया जाएगा।’

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code