अखिलेश ने अपर्णा को दी बधाई, बोले – हमें उम्मीद है कि वह समाजवादी विचारधारा भाजपा में ले जाएंगी

लखनऊ, 19 जनवरी। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने छोटे भाई प्रतीक की पत्नी अपर्णा के भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने पर यह कहते हुए उन्हें बधाई दी है कि समाजवादी विचारधारा का विस्तार हो रहा है। साथ ही यह उम्मीद भी जाहिर की है कि वह सपा की विचारधारा को भाजपा में पहुंचाएंगी।

‘खुशी इस बात की है कि समाजवादी विचारधारा का विस्तार हो रहा‘

यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश ने बुधवार को यहां सपा कार्यालय में आहूत एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा, ‘सबसे पहले तो मैं उन्हें बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। हमें खुशी इस बात की है कि समाजवादी विचारधारा का विस्तार हो रहा है। मुझे उम्मीद है कि हमारी विचारधारा वहां पहुंचकर संविधान और लोकतंत्र को बचाने का काम करेगी।’

गौरतलब है कि सपा के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव को आज ही पूर्वाह्न नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने पार्टी की सदस्यता दिलाई।

वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपर्णा यादव के भाजपा में शामिल होने पर उनका स्वागत किया है। मुख्यमंत्री ने अपर्णा के भाजपा में शामिल होने के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ उनकी एक तस्वीर भी ट्वीट की।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular