मिर्जापुर, 5 सितम्बर। यूपी में मिर्जापुर जिले के अहरौरा इलाके में शनिवार को एक क्रशर प्लांट पर बड़ा हादसा हो गया, जब प्लांट का एक कक्ष ढह गया और उसके मलबे में दबकर चार मजदूरों की मौत हो गई। मृतक सोनभद्र के रहने वाले थे। अनुमान लगाया जा रहा है कि ब्लास्टिंग के कंपन के कारण प्लांट का एक हिस्सा ढहा।
हादसे के बाद मलबे में दबे सभी चार मजदूरों को साथी कर्मचारियों ने जेसीबी की मदद से बाहर निकाला और वाराणसी के अस्पताल ले जाने लगे। लेकिन मजदूरों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही पहले चुनार एसडीएम अनेग सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और अन्य मजदूरों की दबे होने की आशंका को देखते हुए जेसीबी और पोकलैंड की मदद से प्लांट पर गिरे मलबे को हटवाया।

विंध्याचल मंडल के कमिश्नर राजेश प्रकाश, डीआईजी पूनम, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक सहित अन्य अधिकारी भी सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचे। सभी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां मौजूद लोगों से जानकारी ली।
बताया जा रहा है प्लांट में सोनभद्र के जुगैल थाना क्षेत्र के बड़गांवा गांव निवासी लाल बहादुर, अशोक, राकेश और दुर्योधन हर दिन की तरह काम कर रहे थे। अचानक ब्लास्टिंग के समय कंपन होने पर प्लांट का ऑफिस और अन्य निर्माण भरभरा कर गिर गए।
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने बताया कि क्रशर प्लांट का एक मकान ढहने से चार मजदूर दबे थे, जिन्हें निकालकर अस्पताल ले जाए जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मलबे में और कोई तो नहीं है, जिसको देखा जा रहा है। राहत बचाव कार्य किया जा रहा है। बारिश के कारण हादसा हुआ है या ब्लास्टिंग कारण, इसकी जांच की जा रही है। इस मामले में जो दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ काररवाई की जाएगी।


