Homeराज्यदिल्लीअरविंद केजरीवाल के राज्यसभा जाने की अटकलों को AAP ने किया खारिज

अरविंद केजरीवाल के राज्यसभा जाने की अटकलों को AAP ने किया खारिज

नई दिल्ली, 26 फरवरी। आम आदमी पार्टी (AAP) ने उन अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है कि पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को राज्यसभा भेजे जाने की तैयारी है। ‘आप’ प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने आज स्पष्ट किया कि मीडिया में चल रही ऐसी खबरें पूरी तरह से झूठी हैं।

दरअसल, दिल्ली का रण हारने के बाद से अरविंद केजरीवाल ने मीडिया से दूरी बना रखी है। पंजाब के विधायकों के साथ हुई बैठक के दौरान उनकी हल्की झलक जरूर मिली थी। इसी बीच खबरें सामने आईं कि केजरीवाल पंजाब के सीएम बनने वाले हैं या वह पंजाब से राज्यसभा जाएंगे। ताजा घटनाक्रम में लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव के लिए संजीव अरोड़ा को मैदान में उतारे जाने के साथ ही कयासों को और बल मिलने लगा। फिलहाल खुद आम आदमी पार्टी ने इन सभी खबरों को खारिज कर दिया।

प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि संजीव अरोड़ा इस सीट के लिए सबसे अच्छे उम्मीदवार हैं, वह लोगों के बीच रहे हैं, लोगों के मुद्दों को हल करते हैं, इसलिए उन्हें वहां से मैदान में उतारा गया। जहां तक अरविंद केजरीवाल की बात है तो पहले कहा जाता था कि वह पंजाब के सीएम बनेंगे, फिर कहा जाता था कि वह राज्यसभा जाएंगे। लेकिन ये दोनों रिपोर्ट गलत हैं। उन्होंने कहा, ‘अरविंद केजरीवाल हमारे राष्ट्रीय संयोजक हैं और वह एक पार्टी तक बस सीमित नहीं हैं।’

उल्लेखनीय है कि 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा के चुनाव में आम आदमी पार्टी को 22 सीटें मिली थीं और अरविंद केजरीवाल अपनी नई दिल्ली सीट तक गंवा बैठे। अब आम आदमी पार्टी की देश में एकमात्र राज्य पंजाब में सरकार बची है। सीएम भगवंत मान हैं और वहां इनके पास स्पष्ट बहुमत है। ‘आप’ के पंजाब में 93 विधायक हैं। हालांकि कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने दो दिन पहले दावा किया था कि ‘आप’ के 32 विधायक कांग्रेस के संपर्क में हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments