लखनऊ, 23 नवंबर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या और नेपाल के जनकपुरधाम के बीच सीधी रेल सेवा की शुरुआत को भारत और नेपाल के सदियों पुराने आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती देने वाली ऐतिहासिक पहल बताया है। उन्होंने कहा कि अवध और मिथिला के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ‘रोटी-बेटी’ के चिरंतन संबंधों में एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है।
योगी बोले- त्रेतायुग की स्मृतियों को जीवंत करेगा यह अवसर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह अयोध्या धाम और जनकपुर धाम के बीच सीधी रेल सेवा का शुभारंभ करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम की कृपा से त्रेतायुग की स्मृतियों को जीवंत करने वाले इस पावन अवसर का साक्षी बनने के लिए उन्हें अयोध्या में उपस्थित रहने का अवसर मिल रहा है। योगी ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच युगों से कायम आत्मीय एवं सांस्कृतिक संबंध आधुनिक रेल संपर्क से और अधिक मजबूत होंगे। यह पहल प्रधानमंत्री के ‘विरासत भी, विकास भी’ और ‘नेबरहुड फर्स्ट’ के संकल्प का जीवंत प्रमाण है।
धार्मिक पर्यटन और क्षेत्रीय समृद्धि को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई रेल सेवा से दोनों देशों के करोड़ों श्रद्धालुओं की तीर्थयात्रा सुगम होगी। इसके साथ ही धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक एकात्मता और क्षेत्रीय समृद्धि को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने इस पहल के लिए सभी रामभक्तों को बधाई देते हुए ‘जय श्री सीताराम’ कहा।
सरयू-कमला एक्सप्रेस से जुड़ेंगे राम और जानकी धाम
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह सोमवार को नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अयोध्या और नेपाल के जनकपुरधाम के बीच नई साप्ताहिक रेल सेवा को संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। भारतीय रेलवे की ओर से शुरू की जा रही इस ट्रेन का नाम ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ रखा गया है।
जनकपुरधाम को माता सीता की जन्मस्थली और अयोध्या को भगवान श्रीराम की जन्मभूमि के रूप में विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व प्राप्त है। ऐसे में इस रेल सेवा से दोनों देशों के श्रद्धालुओं और यात्रियों को इन प्रमुख तीर्थस्थलों तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी।
उद्घाटन विशेष ट्रेन अयोध्या धाम से होगी रवाना
भारतीय रेलवे के अनुसार, सोमवार को अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन से जनकपुरधाम के लिए उद्घाटन विशेष ट्रेन संचालित की जाएगी। नियमित रेल सेवा का मार्ग और समय-सारिणी रेलवे की ओर से बाद में जारी की जाएगी। इस पहल को भारत-नेपाल के बीच सीमा पार रेल संपर्क बढ़ाने और द्विपक्षीय मैत्री को प्रगाढ़ करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।


