पीएम मोदी ने बिहार को 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की दी सौगात

वैशाली, 21 नवम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली में लगभग 34,470 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और कई परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित कीं। इन परियोजनाओं में सड़क संपर्क, ऊर्जा, शहरी बुनियादी ढाँचा, शिक्षा, स्वास्थ्य, जल संसाधन और परिवहन सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल हैं।

100 पीएम-ई बसों को भी किया रवाना

पीएम मोदी ने इसके साथ ही 100 पीएम-ई बसों को भी रवाना किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के अंतर्गत 26,900 से अधिक लाभार्थियों के गृह प्रवेश समारोह में भी भाग लिया। इन परियोजनाओं से बिहार में बुनियादी ढांचा मजबूत होने, जन सुविधाओं में सुधार और राज्य के आर्थिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

गंगा नदी पर बना छह लेन का नीतीश सेतु भी राष्ट्र को समर्पित

प्रधानमंत्री ने गंगा नदी पर बने छह लेन के नीतीश सेतु भी राष्ट्र को समर्पित किया। लगभग 4280 करोड़ रुपये की लागत से बना यह 19.7 किलोमीटर लंबा पुल पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली के बिदुपुर से जोड़ता है। इससे महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर यातायात का दबाव कम होने, यात्रा का समय घटने तथा उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है।

15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन

पीएम मोदी ने 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया। इनमें प्रमुख सड़क परियोजनाएं, बक्सर ताप विद्युत परियोजना की 660 मेगावाट क्षमता वाली दूसरी इकाई तथा बिजली वितरण और पारेषण से जुड़े कार्य शामिल हैं। उन्होंने सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और शहरी विकास से संबंधित बुनियादी ढाँचा परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया।

लगभग 14,450 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की आधारशिला रखी

प्रधानमंत्री ने लगभग 14,450 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी। इनमें राष्ट्रीय राजमार्ग-139 डब्ल्यू के साहेबगंज-अरेराज-बेतिया खंड को चार लेन का बनाने, पीरपैंती सुपर ताप विद्युत परियोजना के लिए बिजली निकासी परियोजना तथा कई शहरी जलापूर्ति और सीवरेज परियोजनाएँ शामिल हैं। अन्य पहलों में नहरों का आधुनिकीकरण, शैक्षणिक संस्थान, आईआईटी पटना का अनुसंधान पार्क और छात्रावास तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया से जुड़ा बुनियादी ढांचा शामिल है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular