UP: बलरामपुर में भीषण सड़क हादसा, दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में 5 युवकों की मौत

बलरामपुर, 19 नवंबर। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पांच परिवारों की खुशियां छीन लीं। उतरौला-बलरामपुर मार्ग पर अक्सी बड़हरा गांव के सामने दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने पांचों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम समेत अन्य विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पैदल राहगीरों को बचाने में हुआ हादसा?

दुर्घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। शुरुआती जांच के आधार पर उन्होंने आशंका जताई कि सड़क पर पैदल जा रहे कुछ लोगों को बचाने की कोशिश में दोनों मोटरसाइकिलें अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गई होंगी। एसपी के मुताबिक, रात के समय इलाके में कोहरा छाए रहने से दृश्यता भी कम हो गई थी। ऐसे में कम दिखाई देना भी हादसे की एक संभावित वजह हो सकता है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।

हादसे में इन पांच युवकों की गई जान

पुलिस ने हादसे में जान गंवाने वाले पांचों युवकों की पहचान कर ली है। मृतकों में गौरियनडीह निवासी मोहम्मद फारूक (17) पुत्र हैदर अली और सलीम (17) पुत्र मोहम्मद रईस शामिल हैं। इसके अलावा उतरौला के बरदही बाजार निवासी गुफरान (18) पुत्र नूर मोहम्मद, श्रीदत्तगंज के छपरतलवा निवासी तौफीक (19) पुत्र मैनुद्दीन और श्रीदत्तगंज के चंदापुर चिताही निवासी फजल मोहम्मद (23) पुत्र नजर मोहम्मद की भी हादसे में मौत हो गई।

दो युवकों की हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर

इस दुर्घटना में बड़हरा कोट निवासी मुज्जमिल (22) पुत्र सिकंदर अली और नाहिद रजा (18) पुत्र समीर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) उतरौला ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल बलरामपुर रेफर कर दिया। पांच युवकों की मौत से संबंधित गांवों में शोक की लहर है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular