लखनऊ, 16 नवंबर, Yogi CM Pati : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रदेशवासियों के नाम लिखी जाने वाली ‘मुख्यमंत्री पाती’ ने 50 सप्ताह पूरे कर लिए हैं। इस खास अवसर पर मुख्यमंत्री ने इस संवाद श्रृंखला के पीछे की सोच, उद्देश्य और अपनी प्रेरणा साझा की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री और प्रदेश की 25 करोड़ जनता के बीच रिश्ता केवल सरकारी सूचनाओं और औपचारिक संदेशों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसमें अपनत्व, विश्वास और आत्मीयता भी होनी चाहिए।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश उनके लिए केवल एक प्रशासनिक इकाई नहीं, बल्कि एक परिवार है। परिवार में आदेश नहीं, बल्कि अपनत्व के साथ संवाद होता है। इसी भावना के साथ मुख्यमंत्री पाती की शुरुआत की गई, ताकि सरकार और समाज के बीच विश्वास और सहभागिता का रिश्ता और मजबूत हो सके।
वनटांगिया गांव के दौरे ने बदली सोच, यहीं से मिली पाती की प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने बताया कि कई लोगों के मन में सवाल उठता होगा कि आखिर वह प्रदेशवासियों को नियमित रूप से पाती क्यों लिखते हैं? इसका जवाब उनके वनटांगिया गांव के पहले दौरे के अनुभव में छिपा है। उन्होंने कहा कि पहली बार वनटांगिया गांव पहुंचने पर वहां कोल, गोंड, मुसहर, थारू और बुक्सा जैसे वंचित समुदायों की दयनीय स्थिति देखकर वह बेहद व्यथित हुए थे। इन समुदायों के लोग वर्षों तक सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहे थे।
योगी ने कहा कि उस अनुभव ने उन्हें यह एहसास कराया कि शासन का वास्तविक दायित्व केवल योजनाएं बनाना और उपलब्धियां गिनाना नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना भी है। व्यवस्था के बीच कई बार उन लोगों की पीड़ा और अपेक्षाएं सामने नहीं आ पातीं, जिन्हें सबसे अधिक मदद की जरूरत होती है।
सरकार और जनता के बीच संवाद मजबूत करना है मकसद
मुख्यमंत्री के मुताबिक, वनटांगिया गांव के अनुभव ने शासन और जनता के बीच निरंतर संवाद तथा संवेदनशील जुड़ाव की जरूरत को और मजबूत किया। मुख्यमंत्री पाती की प्रेरणा भी इसी सोच से जुड़ी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रदेश की 25 करोड़ जनता के बीच ऐसा रिश्ता होना चाहिए, जिसमें लोगों के जीवन, उनकी आकांक्षाओं और नए उत्तर प्रदेश के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर आत्मीयता के साथ बातचीत हो सके। पाती के जरिए सुख-दुख की साझेदारी, आपसी विश्वास और जनभागीदारी को बढ़ावा देना उनका मुख्य उद्देश्य है।
50 सप्ताह की यात्रा में जनता का स्नेह बनी सबसे बड़ी पूंजी
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले एक वर्ष में लिखे गए ये पत्र उनके लिए महज विचारों की अभिव्यक्ति नहीं रहे हैं। इनके माध्यम से प्रदेश की जनभावनाओं को समझने, उन्हें आवाज देने और उनके अनुरूप व्यापक दृष्टिकोण साझा करने का अवसर मिला है। उन्होंने इस बात पर भी खुशी जताई कि मुख्यमंत्री पाती के माध्यम से शुरू हुआ संवाद उत्तर प्रदेश की सीमाओं से निकलकर देश के दूसरे हिस्सों तक पहुंचा है। इस पूरी यात्रा में प्रदेशवासियों का स्नेह और विश्वास उनकी सबसे बड़ी पूंजी रहा है।
अब जनता के सुझावों और अपेक्षाओं को भी मिलेगा स्थान
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी इच्छा है कि मुख्यमंत्री पाती केवल उनके विचारों को व्यक्त करने का माध्यम बनकर न रह जाए, बल्कि इसमें आम जनता के मन की बात, अपेक्षाओं और सुझावों को भी बराबर जगह मिले। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज ही इस संवाद श्रृंखला की वास्तविक ताकत है। लोगों की सक्रिय भागीदारी से इसे और सार्थक बनाया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से इस आत्मीय संवाद को मजबूत करने की अपील करते हुए कहा कि सरकार और समाज के बीच विश्वास का ऐसा सेतु बनना चाहिए, जो दोनों को एक-दूसरे के और करीब लाए। अंत में मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों से मिलकर ऐसे उत्तर प्रदेश के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया, जो समृद्धि में अग्रणी होने के साथ-साथ अपने संस्कारों और सांस्कृतिक मूल्यों में भी श्रेष्ठ हो।


