पीएम मोदी ने असम हादसे पर जताया दु:ख, मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की

नई दिल्ली, 13 नवम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को असम के गोलाघाट जिले में हुए भयावह सड़क हादसे में हुई लोगों की मौत पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। इस दुःख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए पीएम मोदी ने घायल लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

पीएम मोदी ने इसी क्रम में मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है जबकि घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने पीएम मोदी के हवाले से सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट किया, ‘असम के गोलाघाट जिले में हुए हादसे में हुई लोगों की मौत से गहरा दुःख हुआ। इस दुःख की घड़ी में मैं पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं। घायल लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं। हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को पीएमएनआरएफ से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।’

असम में भीषण सड़क हादसा : दो वाहनों की टक्कर में 26 लोगों की मौत, कई अन्य घायल

गौरतलब है कि शुक्रवार को दिन में असम के काजीरंगा इलाके में रंगाजन के पास एक तेज रफ्तार ट्रैवलर (मिनी बस) ने ट्रक को सामने से टक्कर मार दी, जो बोकाखाट से नागांव की ओर जा रही थी। हादसे में 26 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हो गए। मृतकों में ज्यादातर छात्र थे। टक्कर इतनी तेज थी कि मिनी बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई लोग अंदर फंस गए।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular