माइक्रोसॉफ्ट ने ईमेल टाइमआउट विंडो को 48 घंटे तक बढ़ाया, भारत में आउटलुक यूजर्स को मिलने लगे ईमेल

नई दिल्ली, 13 नवम्बर। दुनिया की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर कम्पनी माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं (जिनमें टीम्स और कोपायलट शामिल हैं) में लगभग 16 घंटे तक आई रुकावट के बाद शुक्रवार शाम से भारत में यूजर्स को माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक के जरिए ईमेल मिलने शुरू हो गए हैं, हालांकि यह प्रक्रिया अभी धीमी है। टेक दिग्गज ने बताया है कि रिकवरी का काम जारी है और स्थिति में शुरुआती सुधार के साथ-साथ क्षमता में भी बेहतरी देखी जा रही है।

अमेरिका स्थित टेक कम्पनी माइक्रोसॉफ्ट 365 ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘जिन माइक्रोसॉफ्ट 365 इंफ्रास्ट्रक्चर पर असर पड़ा है, उन पर रिकवरी का काम चल रहा है और यह अलग-अलग फेज में हो रहा है। कई वर्कलोड में धीरे-धीरे सुधार दिख रहा है, लेकिन सर्विस की स्थिति अभी भी अस्थिर है और क्षमता अभी तक पूरी तरह से सामान्य स्तर पर नहीं लौटी है।’

अमेरिकी कम्पनी ने आगे कहा, ‘देरी से आने वाले ईमेल को सुरक्षित रखने के लिए ‘हमने ईमेल टाइमआउट विंडो को बढ़ाकर 48 घंटे कर दिया है, जबकि क्यू और बैकलॉग की प्रोसेसिंग जारी है।’ कम्पनी ने बताया कि माइक्रोसॉफ्ट 365 एडमिन सेंटर में इंसिडेंट नंबर ‘एमओ1550821’ के तहत एक विस्तृत अपडेट उपलब्ध है। यूजर इसके सर्विस स्टेटस पेज के जरिए भी स्थिति पर नजर रख सकते हैं। कम्पनी ने यह भी कहा कि रिकवरी की दिशा में और प्रगति हुई है, प्रभावित इंफ्रास्ट्रक्चर के कुछ हिस्सों में काम पूरा कर लिया गया है और ट्रैफिक को धीरे-धीरे बहाल किया जा रहा है।

माइक्रोसॉफ्ट ने कहा, ‘हम मेलबॉक्स एक्सेस और ईमेल प्रोसेसिंग में देरी जैसे खास मामलों में सुधार देख रहे हैं, हालांकि बीच-बीच में कुछ दिक्कतें आ सकती हैं। हमारा ध्यान बाकी प्रभावित इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी रिकवरी का काम करने, सिस्टम को स्थिर करने और क्षमता बढ़ाने पर है, ताकि सेवा में निरंतरता और सुधार लाया जा सके।’

सर्वर हेल्थ-चेक के फेल होने से गुरुवार रात शुरू हुई रुकावट

बताया जा रहा है कि गुरुवार रात शुरू हुई यह बड़ी आउटेज (सेवा में रुकावट) सर्वर हेल्थ-चेक के फेल होने से जुड़ी है, जिसके कारण प्रभावित सर्वर काम करना बंद कर गए। माइक्रोसॉफ्ट ने शुरुआत में कॉन्फिगरेशन में बदलाव करके और प्रभावित सर्वरों को रीस्टार्ट करके इस समस्या को सुलझाने की कोशिश की। कम्पनी ने एक वैकल्पिक हेल्थ-चेक तरीका भी लागू किया, जिससे कुछ प्रभावित सर्वर फिर से काम करने लगे।

लंबी आउटेज के कारण कई देशों में कारोबार, एयरलाइंस और सरकारी कामकाज ठप हो गए

माइक्रोसॉफ्ट की इस लंबी आउटेज के कारण शुक्रवार को कई देशों में कारोबार, एयरलाइंस और सरकारी कामकाज ठप हो गए। आउटलुक, टीम्स और एआई असिस्टेंट ‘कोपायलट’ जैसी कई लोकप्रिय सेवाएं काम नहीं कर रही थीं। समस्या शुरू होने के कई घंटों बाद भी इस दिग्गज टेक कम्पनी को सामान्य कामकाज बहाल करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कम्पनी ने बताया कि इस घटना से माइक्रोसॉफ्ट 365 के कई ऐसे प्रोडक्ट्स प्रभावित हुए, जो इसके ‘एक्सचेंज ऑनलाइन’ और ईमेल इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular