बेंगलुरु, 13 नवम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपने कर्नाटक दौरे के बीच बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन राष्ट्र को समर्पित की और कहा कि इससे बेंगलुरु के लोगों को बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि बेंगलुरु की भारत की ‘सिलिकॉन वैली’ के तौर पर प्राप्त ख्याति है और देश के आईटी निर्यात में एक-तिहाई से अधिक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह शहर भारत के नवाचार और आर्थिक विकास का एक प्रमुख इंजन है।
राज्यपाल व सीएम संग मेट्रो में सफर भी किया
पीएम मोदी ने राज्यपाल सुधा यादव और मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार सहित अन्य अधिकारियों संग बेंगलुरु की पिंक लाइन मेट्रो में सफर भी किया। यह मेट्रो सेवा शहर में शहरी आवागमन को बेहतर बनाने के साथ यात्रियों को सुविधाजनक और आरामदायक सफर उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगी।
आईआईएम बेंगलुरु और अनेक शिक्षण संस्थानों की कनेक्टिविटी और बेहतर हो जाएगी
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस नई मेट्रो लाइन के साथ, आईआईएम बेंगलुरु और अनेक शिक्षण संस्थानों की कनेक्टिविटी और बेहतर हो जाएगी। इसके अलावा कई ऐसे इलाके भी मेट्रो से कनेक्ट होंगे, जो बेंगलुरु के बड़े बिजनस, टेक्नोलॉजी और कॉमर्शियल सेंटर के रूप में जाने जाते हैं। यानी बेंगलुरु के लाखों लोगों को ना सिर्फ आने जाने की सहूलियत होने वाली है, बल्कि उनके पैसे और समय की भी बचत होगी।
पीएम मोदी ने कहा, ‘कल ही स्वर्गीय अनंत कुमार जी की पुण्य तिथि थी। उनका इस क्षेत्र से विशेष लगाव था। आज ये मेट्रो लाइन देख उनकी आत्मा भी प्रफुल्लित हुई होगी। मैं उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।’
बेंगलुरु भारत की Silicon Valley, देश के IT Exports में इसका एक-तिहाई से अधिक योगदान
उन्होंने कहा, ‘बेंगलुरु भारत की Silicon Valley है। देश के IT Exports में इसका एक-तिहाई से अधिक योगदान है। ये शहर, भारत की Innovation और Economic Growth का एक बड़ा इंजन है। इसलिए, पूरे बेंगलुरू रीजन का तेज़ विकास और आधुनिक पब्लिक ट्रांसपोर्ट का विस्तार केंद्र सरकार की बड़ी प्राथमिकता है। इसी सोच के साथ केंद्र सरकार नम्मा मेट्रो के विस्तार में सहयोग कर रही है। वर्ष 2014 में नम्मा मेट्रो, सिर्फ सेवन्टीन किलोमीटर की ही थी। आज इसका टोटल नेटवर्क, 100 किलोमीटर से ज्यादा का हो गया है।
दिल्ली-NCR व मुंबई के बाद मेट्रो नेटवर्क की सेंचुरी लगाने वाला देश का तीसरा शहर बना बेंगलुरु
सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली-NCR और मुंबई-मेट्रोपॉलिटन रीजन के बाद, बेंगलुरू, देश का तीसरा शहर बना है, जहां मेट्रो नेटवर्क की सेंचुरी लगी है। नम्मा मेट्रो की ये सफलता, केवल एक प्रोजेक्ट तक सीमित नहीं है। ये ईज़ ऑफ लिविंग को लेकर, ईज़ ऑफ ट्रैवल को लेकर, देश की नई सोच का परिणाम है। ये मिडिल क्लास परिवारों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए, देश के कमिटमेंट का नतीजा है।
On board the Pink Line.
Exceptional infrastructure for a vibrant city like Bengaluru.
ಗುಲಾಬಿ ಮಾರ್ಗ ಮೆಟ್ರೋದಲ್ಲಿ ಪಯಣ.
ಬೆಂಗಳೂರಿನಂತಹ ಚೈತನ್ಯಶೀಲ ನಗರಕ್ಕೆ ಅತ್ಯುತ್ತಮ ಮೂಲಸೌಕರ್ಯ. https://t.co/ZCmO5IajS6
— Narendra Modi (@narendramodi) November 13, 2026
गुलामी के दौर की पुरानी सोच को अब पीछे छोड़ रही भारतीय रेल
उन्होंने कहा, ‘भारतीय रेल, गुलामी के दौर की पुरानी सोच को पीछे छोड़ रही है। देश की रेल, अब नई विरासत, नई लीगेसी बना रही है। हमारे रेलवे स्टेशन्स, हमारे रेल इंजन्स और फिर रेल कोच, हर चीज पर अब भारत की अपनी छाप, अपनी पहचान है। वंदे भारत ट्रेन या अमृत भारत स्टेशन्स, ये विकसित भारत की रेल सेवा की एक झांकी हैं। कर्नाटक के भी सिक्सटी से ज्यादा रेलवे स्टेशनंस चामराजनगर, चिक्कमंगलूरु, सकलेशपुर और सुब्रह्मण्य रोड स्टेशन्स, ये भी अब अमृत भारत स्टेशन्स हो चुके हैं। इन स्टेशन्स में संवेदनशीलता भी है, और आधुनिकता भी है। बुजुर्ग हों, दिव्यांग हों, ऐसे हर साथी के लिए विशेष सुविधाएं हैं। जो सुविधाएं पहले एयरपोर्ट्स में मिलती थीं, अब वही सुविधाएं रेलवे स्टेशन्स पर, गरीब और मिडिल क्लास परिवारों को देने का प्रयास हो रहा है।’
बीते 10-12 वर्षों में भारत का रेलवे बजट कई गुना बढ़ा है
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि बीते 10-12 वर्षों में भारत का रेलवे बजट कई गुना बढ़ा है। कर्नाटक के रेल बजट में भी नौ गुना वृद्धि हुई है। आज भी, रेलवे के चार अमृत स्टेशन, दोहरीकरण और बिजलीकरण के दो प्रोजेक्ट्स कर्नाटक को मिले हैं। कुछ दिन पहले कर्नाटक को राज्य की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन मिली थी, और आज कर्नाटक को गोवा से जोड़ने वाली वंदे भारत ट्रेन मिली है। इस ट्रेन से कर्नाटक, मेंगलुरू समेत पूरे कोस्टल रूट के साथियों को, सेमी-हाईस्पीड ट्रेन का नया एक्सपीरियंस मिलेगा।
बेंगलुरु से मंगलुरु होते हुए मडगांव तक वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी
वहीं, बेंगलुरु से मंगलुरु होते हुए मडगांव तक के लिए शुरू की गई वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाते हुए मोदी ने कहा, ‘भारतीय रेलवे अब औपनिवेशिक दौर की पुरानी सोच को पीछे छोड़ रही है। देश की रेलवे एक नयी विरासत और परंपरा बना रही है।’ उन्होंने जनसभा में मौजूद लोगों को बताया कि कर्नाटक को अपनी पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन मिल गई है।
कर्नाटक को अपनी पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन मिल गई
प्रधानमंत्री ने रेखांकित किया कि विकसित भारत के निर्माण में संपर्क और ऊर्जा सुरक्षा दोनों ही महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ती आकांक्षाएं देश में नयी मांग पैदा कर रही हैं, यह नया मध्यम वर्ग भारत की अर्थव्यवस्था के विकास का एक प्रमुख इंजन बन रहा है। ऑटोमोबाइल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स तक, और पर्यटन से लेकर सेवा क्षेत्र तक, नए उद्योग, कारखाने और रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं।
मध्यम वर्ग की बचत बढ़ाने का सरकार का प्रयास
उन्होंने कहा कि भारत सरकार का प्रयास है कि मध्यम वर्ग की बचत बढ़ाई जाए, उनकी क्रय शक्ति को मजबूत किया जाए और उन्हें अपने परिवार के सपनों को पूरा करने में सक्षम बनाया जाए, ताकि वे देश की आर्थिक प्रगति में भी योगदान दे सकें। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने टीएसएस (स्रोत पर कर कटौती) के नियमों में बदलाव करके वरिष्ठ नागरिकों और किराये से आय पाने वालों को राहत दी है। उन्होंने दावा किया कि अगली पीढ़ी के जीएसटी (माल एवं सेवा कर) सुधारों के जरिए उनकी सरकार ने रोजमर्रा की चीजों को सस्ता किया है। सरकार ने व्यक्तिगत स्वास्थ्य और जीवन बीमा से जीएसटी हटाकर बीमा को और अधिक किफायती बनाया है।
कर्नाटक दौरे में पीएम मोदी ने इन परियोजनाओं का भी किया उद्घाटन व शिलान्यास
पीएम मोदी ने अपने कर्नाटक दौरे के दौरान कोप्पल-2 और गदग-2 में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों को जोड़ने के लिए करीब 4450 करोड़ रुपये की पारेषण लाइन योजना और बीदर में सौर ऊर्जा क्षेत्र के लिए 1370 करोड़ की पारेषण योजना का उद्घाटन किया। इसके साथ ही, उन्होंने दावणगेरे/चित्रदुर्ग और बेलारी नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र को जोड़ने के लिए 3450 करोड़ रूपये की पारेषण योजना और दावणगेरे तथा बेलारी में अतिरिक्त नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता को जोड़ने के लिए पारेषण प्रणाली को मजबूत करने की 1,100 करोड़ रुपये की परियोजना की आधारशिला रखी।


