ACC अंडर-19 एशिया कप : लक्ष्य की कप्तानी पारी से भारत 11वीं बार फाइनल में, पाकिस्तान से फिर होगी खिताबी टक्कर

अल अमेरात (ओमान), 12 नवम्बर। गेंदबाजों की कसावट के बाद कप्तान लक्ष्य रायचंदानी (93 रन, 90 गेंद, एक छक्का, 13 चौके) सहित शीर्ष क्रम के तीन बल्लेबाजों की अर्धशतकीय पारियों ने पिछले दो बार के उपजेता भारत का काम आसान कर दिया, जिसने गुरुवार को यहां दूसरे सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को 79 गेंदों के शेष रहते आठ विकेट से पस्त कर ACC अंडर-19 एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में 11वी बार जगह बना ली।

नोमान व शाह फैजल के पचासों से 227 तक पहुंचा अफगानिस्तान

अल अमेरात क्रिकेट ग्राउंड पर पहले बल्लेबाजी करने उतरा अफगानिस्तान हालांकि मीडियम पेसर ईशान सूद (3-43) व आर्यन सवसानी (2-29) सहित अन्य गेंदबाजों ने बहुत दूर नहीं जाने दिया, फिर भी पूर्व चैम्पियनों ने नोमान सलारजई (51 रन, 78 गेंद, दो छक्के, दो चौके) व शाह फैजल रहीमी (51 रन, 72  गेंद, दो चौके) के पचासों से आठ विकेट पर 227 रनों का स्कोर खड़ा किया।

रायचंदानी, सहवाग व विनीत ने आसान बनाई भारत की जीत

जवाबी काररवाई में भारत ने ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ रायचंदानी, पिछले मैच के शतकवीर आर्यवीर सहवाग (51 रन, 57 गेंद, चार छक्के, चार चौके) व वीके विनीत (नाबाद 57 रन, 62 गेंद, एक छक्का, पांच चौके) के अर्धशतकीय प्रहारों एवं उनके बीच निभीं दो बहुमूल्य भागीदारियों से 36.5 ओवरों में दो विकेट पर ही 230 रन बना लिए।

स्कोर कार्ड

अंतिम बार 2021 में आठवीं बार उपाधि जीतने वाला भारत अब शनिवार (14 नवम्बर) को मौजूदा चैम्पियन पाकिस्तान से पिछले वर्ष फाइनल (यूएई) में मिली पराजय का हिसाब चुकता करना चाहेगा। पाकिस्तान ने पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश को नौ विकेट से पस्त किया। बांग्लादेश ने 2024 (यूएई) में भारत को फाइनल में हराकर लगातार दूसरी बार उपाधि जीती थी।

ओपनरद्वय आर्यवीर व लक्ष्य के बीच 117 रनों की साझेदारी

भारतीय पारी देखें तो लक्ष्य व आर्यवीर ने उतरते ही मैदान पर नियंत्रण कर लिया और 103 गेंदों पर 117 रनों की भागीदारी से टीम को धाकड़ शुरुआत दी। नूर अली ने 17वें ओवर में सहवाग की पारी पर विराम लगाया तो विनीत अड़ गए। उन्होंने कप्तान संग 90 गेंदों पर 77 रनों की भागीदारी कर दी।

लक्ष्य ने विनीत संग जोड़े 77 रन

हालांकि लक्ष्य अपने शतक से सात रनों के फासले पर 32वें ओवर में सोहेल खान के शिकार हो गए। लेकिन विनीत नहीं रुके और उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा करने के साथ यशवर्धन चौहान (नाबाद 16 रन, 14 गेंद, तीन चौके) के साथ जीत को अंतिम स्पर्श दिया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular