नई दिल्ली, 12 नवंबर। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए नमो भारत ट्रेन तेजी से पसंदीदा परिवहन साधन बनती जा रही है। देश की पहली नमो भारत ट्रेन ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए यात्रियों की कुल संख्या का आंकड़ा 5 करोड़ के पार पहुंचा दिया है। खास बात यह है कि यात्रियों की संख्या में लगातार तेजी से इजाफा हो रहा है। कॉरिडोर पर आखिरी एक करोड़ कम्यूटर जर्नी महज 93 दिनों में दर्ज की गईं। यह उपलब्धि दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आधुनिक क्षेत्रीय परिवहन व्यवस्था की बढ़ती स्वीकार्यता को दर्शाती है।
एनसीआरटीसी के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को नमो भारत कॉरिडोर ने पांच करोड़ कम्यूटर जर्नी का आंकड़ा पार किया। इससे पहले चार करोड़ से पांच करोड़ तक पहुंचने में केवल 93 दिन लगे। लगातार कम होते माइलस्टोन के समय से साफ है कि दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच नमो भारत की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है।
574 दिन में एक करोड़, अब महज 93 दिन में जुड़ा एक करोड़ यात्री सफर
नमो भारत कॉरिडोर पर परिचालन की शुरुआत 21 अक्टूबर 2023 को साहिबाबाद से दुहाई डिपो के बीच 17 किलोमीटर लंबे प्राथमिक खंड पर हुई थी। शुरुआत के बाद से ही यात्रियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई।एनसीआरटीसी के आंकड़ों के मुताबिक, परिचालन शुरू होने के 574 दिनों बाद यानी 16 मई 2025 को पहली बार एक करोड़ कम्यूटर जर्नी का आंकड़ा पार हुआ। इसके बाद 11 दिसंबर 2025 को 211 दिनों में दो करोड़ यात्रियों का आंकड़ा पूरा हुआ। वहीं, 2 मई 2026 को 143 दिनों में तीन करोड़ और 10 अगस्त 2026 को महज 101 दिनों में चार करोड़ कम्यूटर जर्नी दर्ज की गईं। अब 10 नवंबर 2026 को पांच करोड़ का आंकड़ा पार हो गया। इस बार केवल 93 दिनों में एक करोड़ नई कम्यूटर जर्नी दर्ज की गईं। यानी हर नए करोड़ के साथ यात्रियों की संख्या बढ़ने की रफ्तार तेज होती जा रही है।
तीन महीने से लगातार 32 लाख से ज्यादा यात्रियों का सफर
पिछले तीन महीनों के आंकड़े भी नमो भारत की बढ़ती लोकप्रियता की गवाही दे रहे हैं। अगस्त 2026 में कॉरिडोर पर कुल 35.25 लाख कम्यूटर जर्नी दर्ज की गईं। इस दौरान औसत दैनिक राइडरशिप 1,13,708 रही। वहीं, 28 अगस्त को 1,68,666 यात्रियों ने सफर किया, जो अब तक की सर्वाधिक दैनिक राइडरशिप है।
सितंबर 2026 में करीब 32.41 लाख कम्यूटर जर्नी दर्ज की गईं और औसत दैनिक राइडरशिप 1,08,043 रही। अक्टूबर में यह आंकड़ा बढ़कर 33.49 लाख पहुंच गया। इस महीने औसत दैनिक राइडरशिप 1,08,049 दर्ज की गई।लगातार तीन महीनों तक हर महीने 32 लाख से अधिक कम्यूटर जर्नी दर्ज होना बताता है कि नमो भारत अब लोगों की रोजमर्रा की यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा बन रही है।
मेरठ मेट्रो शुरू होने से दिल्ली-NCR की कनेक्टिविटी को मिला फायदा
22 फरवरी 2026 को संपूर्ण नमो भारत कॉरिडोर के साथ मेरठ मेट्रो का परिचालन भी यात्रियों के लिए शुरू किया गया। इससे दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच सार्वजनिक परिवहन की कनेक्टिविटी पहले से बेहतर हुई है। नमो भारत कॉरिडोर के बुनियादी ढांचे पर ही मेरठ मेट्रो का संचालन होना क्षेत्रीय और शहरी परिवहन व्यवस्था के बेहतर तालमेल का उदाहरण है।
तेज रफ्तार, वातानुकूलित कोच, विश्वसनीय परिचालन और बेहतर मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी यात्रियों को आकर्षित कर रही है। नौकरी, शिक्षा, कारोबार और दूसरे जरूरी कामों के लिए रोजाना सफर करने वाले लोगों को इससे काफी सहूलियत मिल रही है। सड़क मार्ग पर जाम और खराब मौसम के दौरान भी नमो भारत एक बेहतर विकल्प उपलब्ध करा रही है।इसके अलावा दिल्ली मेट्रो, भारतीय रेलवे, अंतरराज्यीय बस टर्मिनलों और सिटी बस सेवाओं के साथ इंटरचेंज की सुविधा यात्रियों के सफर को आसान बनाती है।
160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार और 99 फीसदी से अधिक समयबद्धता
नमो भारत कॉरिडोर की परिचालन व्यवस्था और उपलब्धियों की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सराहना कर चुके हैं। उन्होंने इस परियोजना को सुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने, 160 किलोमीटर प्रति घंटे की परिचालन गति और 99 प्रतिशत से अधिक समयबद्धता की विशेष रूप से प्रशंसा की है।
हाल ही में भुवनेश्वर में आयोजित अर्बन मोबिलिटी इंडिया कॉन्फ्रेंस एवं एक्सपो 2026 में भी दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को सम्मानित किया गया। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य तथा विद्युत मंत्री मनोहर लाल ने एनसीआरटीसी को ‘बेस्ट कम्यूटर सर्विसेज एंड सैटिस्फैक्शन’ पुरस्कार प्रदान किया। यह सम्मान कॉरिडोर पर यात्रियों को मिल रही सुविधाओं और बेहतर परिचालन व्यवस्था को दर्शाता है।
17 किलोमीटर से शुरू हुआ सफर, अब पूरा कॉरिडोर यात्रियों के लिए उपलब्ध
नमो भारत कॉरिडोर का परिचालन चरणबद्ध तरीके से शुरू किया गया। इसकी शुरुआत 21 अक्टूबर 2023 को साहिबाबाद से दुहाई डिपो के बीच 17 किलोमीटर लंबे खंड से हुई थी। इसके बाद 6 मार्च 2024 को दुहाई डिपो से मोदीनगर नॉर्थ तक 17 किलोमीटर और 18 अगस्त 2024 को मोदीनगर नॉर्थ से मेरठ साउथ तक आठ किलोमीटर का खंड शुरू किया गया।
5 जनवरी 2025 को साहिबाबाद से आनंद विहार तक 13 किलोमीटर का हिस्सा परिचालन में आया। इसके बाद 22 फरवरी 2026 को सराय काले खां से न्यू अशोक नगर और मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक के खंडों के साथ मेरठ मेट्रो का परिचालन भी शुरू कर दिया गया। इस तरह पूरा नमो भारत कॉरिडोर यात्रियों के लिए उपलब्ध हो गया।
पांच करोड़ कम्यूटर जर्नी का आंकड़ा पार करना केवल यात्रियों की बढ़ती संख्या का रिकॉर्ड नहीं है, बल्कि यह आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था के प्रति लोगों के बदलते नजरिये और नमो भारत की बढ़ती स्वीकार्यता का भी संकेत है। दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने में नमो भारत लगातार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।


