पंजाब में जनगणना 2027 का दूसरा चरण शुरू, 16 नवम्बर से घर बैठे कर सकेंगे स्व गणना

चंडीगढ़, 11 नवम्बर। जनगणना 2027 के दूसरे चरण (जनसंख्या गणना) के प्रचार-प्रसार के लिए जनगणना कार्य निदेशालय, पंजाब में डिजिटल एलईडी वैनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। ये वैन पंजाब के सभी जिलों के शहरों और गांवों में जाकर लोगों को डिजिटल जनगणना के बारे में जागरूक करेंगी।

घर बैठे स्व गणना के लिए 15 दिनों का समय मिलेगा

पंजाब की जनगणना कार्य निदेशक डॉ. नवजोत खोसा ने इस अवसर पर बताया कि 16 नवम्बर से 15 दिनों में लोग घर बैठे मोबाइल या कंप्यूटर से स्व गणना (सेल्फ-एन्यूमरेशन) कर सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘हम डायरेक्टरेट ऑफ सेंसस ऑपरेशन्स, पंजाब में डिजिटल एलईडी वैनों की फ्लैग-ऑफ सेरेमनी कर रहे हैं क्योंकि पंजाब में जनगणना का काम बहुत जल्द शुरू होने वाला है। ये हमारे पब्लिसिटी और अवेयरनेस व्हीकल हैं, जो पंजाब के सभी जिलों में जाएंगे। वहां के शहरों और गांवों में जाकर लोगों तक हमारा संदेश पहुंचाएंगे। हम लोगों से अपील करते हैं कि आप जनगणना में अपनी भागीदारी निभाएं। जब आपके घर गणनाकर्मी आएं, तो आप उनके प्रश्नों के उत्तर दें, उनका सहयोग करें और देश के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।’

डॉ. नवजोत खोसा ने कहा कि पंजाब में जनगणना का काम 16 नवम्बर से 30 नवम्बर तक सेल्फ-एन्यूमरेशन (स्व-गणना) के रूप में शुरू किया जा रहा है। आप अपने घर बैठे ही अपने मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर के माध्यम से लॉग इन करके अपनी जानकारी दर्ज करा सकते हैं।

डॉ. खोसा ने कहा, ‘जनगणना दो चरणों में की जाती है। पहले चरण को हम हाउस लिस्टिंग सेंसस या फेज-1 कहते हैं, जो मई और जून के महीनों में पंजाब में पूरा किया गया था। सेंसस का दूसरा चरण पॉपुलेशन एन्यूमरेशन कहलाता है, जिसका अर्थ है जनसंख्या की गणना। इस बार हम व्यक्तियों की गणना करेंगे और उनकी जानकारी दर्ज करेंगे।’

उन्होंने कहा कि पंजाब में सेंसस का दूसरा चरण 16 नवम्बर से 30 नवम्बर तक स्व-गणना के रूप में जनता के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके बाद एक दिसम्बर से चार जनवरी, 2027 तक यानी 35 दिनों तक गणनाकर्मी घर-घर जाकर जनगणना करेंगे।

डॉ. खोसा ने कहा कि इस जनगणना में डिजिटल सेंसस के विकल्प को बड़े स्तर पर लागू किया जा रहा है। डिजिटल सेंसस का अर्थ है कि पहले हर दस वर्ष में होने वाली जनगणना में जानकारी कागजी प्रपत्रों पर ली जाती थी, फिर उसे सिस्टम में दर्ज कर आंकड़े तैयार किए जाते थे और नीतियां बनाई जाती थीं लेकिन इस बार दो नई चीजें की गई हैं।

उन्होंने कहा कि पहली, जो गणनाकर्मी घर-घर जाकर लोगों की जानकारी एकत्र करेंगे, वे यह काम डिजिटल एप के माध्यम से करेंगे। इसका लाभ यह होगा कि बहुत कम समय में सारी जानकारी हमारे पास पहुंच जाएगी। दूसरी, सेल्फ-एन्यूमरेशन (स्व-गणना) का विकल्प लोगों को दिया जा रहा है। इसके माध्यम से हम लोगों से अनुरोध और अपील कर रहे हैं कि वे अपने घर बैठे ही अपने मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर के माध्यम से अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज करें।

डॉ. खोसा ने कहा, ‘इसके लिए एक सरकारी पोर्टल उपलब्ध है। इस पोर्टल पर लॉग इन करके आप अपने और अपने परिवार की जानकारी घर बैठे दर्ज करवा सकते हैं। डिजिटल सेंसस के माध्यम से जो परिवर्तन लाया जा रहा है, उसका संदेश हम मीडिया के जरिए लोगों तक पहुंचाना चाहते हैं।’

एक दिसम्बर के बाद गणनाकर्मी घर-घर जाकर पूछताछ करेंगे

उन्होंने कहा कि लोगों से मेरी यह भी अपील है कि वे सेल्फ-एन्यूमरेशन के इस विकल्प का अवश्य उपयोग करें। यह पोर्टल केवल 15 दिनों के लिए खुला रहेगा। इसमें लगभग 40 सरल प्रश्न पूछे जाएंगे। आप उन प्रश्नों को पढ़कर मल्टीपल चॉइस विकल्पों में से अपने लिए उपयुक्त उत्तर चुन सकते हैं। इसी प्रकार आप बारी-बारी से अपने परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी भी दर्ज कर सकते हैं। यदि किसी कारणवश आप 15 दिनों के भीतर इस सुविधा का उपयोग नहीं कर पाते हैं या आपको प्रक्रिया समझ नहीं आती है, तो एक दिसम्बर के बाद जब गणनाकर्मी घर-घर आएंगे, तब उनसे सहयोग करें। वे भी आपसे यही 40 प्रश्न पूछेंगे।

डॉ. खोसा ने कहा कि जिन लोगों ने पहले से सेल्फ-एन्यूमरेशन की सुविधा का उपयोग कर लिया होगा, उन्हें एक आईडी जनरेट होकर एसएमएस के माध्यम से प्राप्त होगी। गणनाकर्मी केवल वही आईडी नंबर पूछेंगे। आप वह आईडी उन्हें बता सकते हैं। इसके बाद आपकी पूरी जानकारी उनके ऐप पर उपलब्ध हो जाएगी। वे उस जानकारी का सत्यापन करेंगे और अंतिम रूप से पूरे डेटा को सबमिट कर दिया जाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular