दिल्ली से 13 वर्षों बाद अरुणाचल पहुंचे भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेष, 7 नवम्बर तक होंगे दर्शन

तवांग (अरुणाचल प्रदेश), छह नवम्बर। अरुणाचल प्रदेश के तवांग स्थित गादेन नामग्याल ल्हात्से (तवांग मठ) में भगवान शाक्यमुनि बुद्ध के पवित्र अवशेष के दर्शन और श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए अब तक 21 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। तवांग और अरुणाचल प्रदेश के आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पवित्र अवशेषों के दर्शन कर आशीर्वाद लेने के लिए मठ पहुंच रहे हैं। यहां आम लोगों के लिए यह प्रदर्शनी 7 नवम्बर तक खुली रहेगी।

इन पवित्र अवशेषों का अरुणाचल प्रदेश में 13 वर्षों बाद आगमन हुआ है, जिससे इस आयोजन का ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व बढ़ गया है। नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय संग्रहालय से लाए गए इन अवशेषों के दर्शन का अवसर बौद्ध भिक्षुओं, भिक्षुणियों, श्रद्धालुओं और आम लोगों को मिल रहा है। इससे उन्हें भारत की समृद्ध बौद्ध विरासत से जुड़ने का अवसर भी प्राप्त हो रहा है।

भगवान शाक्यमुनि बुद्ध के पवित्र अवशेषों की खोज वर्ष 1898 में उत्तर प्रदेश के पिपरहवा में हुई थी। इस खोज को बौद्ध धर्म के पुरातात्विक इतिहास की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जाता है। वर्तमान में राष्ट्रीय संग्रहालय, नई दिल्ली में संरक्षित ये अवशेष बौद्ध समुदायों के लिए ऐतिहासिक, पुरातात्विक और आध्यात्मिक दृष्टि से विशेष महत्व रखते हैं।

बौद्ध धर्म की समृद्ध विरासत को प्रदर्शित करने के लिए तवांग मठ में दो विशेष प्रदर्शनियां भी आयोजित की गई हैं। अंतरराष्ट्रीय बौद्ध परिसंघ (आईबीसी) की ओर से आयोजित ‘अनअर्थिंग द सेक्रेड पिपरहवा : द स्टोरी ऑफ द होली बुद्धा रेलिक्स एंड देयर डिस्कवरी’ प्रदर्शनी में अवशेषों की खोज और उनके ऐतिहासिक महत्व को दर्शाया गया है।

वहीं, राष्ट्रीय संग्रहालय, नई दिल्ली की ओर से तैयार ‘क्रॉसरोड्स ऑफ धम्मा : क्लासिकल लेगेसीज, लिविंग आर्ट एंड एंथ्रोपोलॉजिकल पर्सपेक्टिव्स’ प्रदर्शनी में बौद्ध धर्म के ऐतिहासिक, कलात्मक और सांस्कृतिक पहलुओं को प्रस्तुत किया गया है।

तवांग मठ में प्रदर्शनी के बाद पवित्र अवशेषों को 8 से 13 नवम्बर 2026 तक बोमडिला स्थित टीजीएल मठ (लोअर गोम्पा) ले जाया जाएगा। इसके बाद 14 से 20 नवम्बर तक नामसाई स्थित गोल्डन पैगोडा में इनके दर्शन किए जा सकेंगे। अवशेषों के 21 नवम्बर 2026 को राष्ट्रीय संग्रहालय, नई दिल्ली लौटने का कार्यक्रम है।

इस आयोजन का संचालन भारत सरकार का संस्कृति मंत्रालय, अंतरराष्ट्रीय बौद्ध परिसंघ और अरुणाचल प्रदेश सरकार मिलकर कर रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य देश की समृद्ध बौद्ध विरासत का संरक्षण और प्रचार-प्रसार करना तथा भगवान बुद्ध की शांति, करुणा, प्रज्ञा और सार्वभौमिक भाईचारे की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाना है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular