मुंबई, 11 नवम्बर। विदेशी संस्थागत निवेशकों की लिवाली, कुछ कम्पनियों की दूसरी तिमाही के उम्मीद से बेहतर नतीजों व कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बीच घरेलू शेयर बाजार ने बुधवार को काफी उतार-चढ़ाव देखा और अंततः दोनों मानक सूचकांक शानदार तेजी लेकर बंद हुए। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स 773 अंक चढ़कर करीब नौ माह के उच्चस्तर पर पहुंच गया जबकि एनएसई निफ्टी 210 अंकों की मजबूती से 25,250 अंक के ऊपर बंद हुआ।
लगातार नौवें नियमित कारोबारी सत्र में बढ़त
कुल मिलाकर देखें तो घरेलू शेयर बाजार लगातार नौवें नियमित कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ बंद हुआ। इस दौर में दिवाली का मुहूर्त कारोबार शामिल नहीं है, जिसमें बाजार मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ था। वहीं ‘दिवाली बलिप्रतिपदा’ के अवसर पर मंगलवार को शेयर बाजार बंद रहा था। उल्लेखनीय यह रहा कि कारोबारी सत्र की शुरुआत में मिली बढ़त का कुछ हिस्सा गंवाने के बावजूद बेंचमार्क इंडेक्स अपनी तेजी बनाए रखने में सफल रहे।
82,500 के पार जाकर लौटा सेंसेक्स, 772.75 अंक चढ़कर 81,879.40 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 772.75 अंक यानी 0.95 प्रतिशत चढ़कर 81,879.40 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,413.75 अंक यानी 1.74 प्रतिशत चढ़कर 82,520.40 तक जा पहुंचा था। हालांकि तेजी कायम नहीं रह सकी, फिर भी सूचकांक 26 फरवरी के बाद का सर्वोच्च स्तर पर बंद हुआ।
कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 1,103 अंकों का उतार-चढ़ाव देखा
पिछले सत्र के मुकाबले 1,146 अंकों की बढ़त से खुले सूचकांक में बड़ी उठापटक का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है कि इसने दिन के सर्वोच्च स्तर से 1,103 अंकों की गिरावट के साथ 81,417.39 पर दिन का निचला स्तर देखा। हालांकि अंतिम क्षणों में इसने तेज रिकवरी की। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 20 के शेयर मजबूत हुए तो 10 में कमजोरी रही।
निफ्टी 210.40 अंकों की बढ़त से 25,255.05 पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 210.40 अंक यानी 0.84 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,255.05 अंक पर बंद हुआ। यह भी करीब नौ महीने का उच्चतम स्तर है। सेंसेक्स की भांति निफ्टी में भी काफी उठापटक दिखी। सोमवार के मुकाबले 293 अंकों की उछाल से खुले सूचकांक ने 329 अंकों के उतार-चढ़ाव के बीच 25,424.35 का उच्चतम और 25,095.35 का निम्नतम स्तर देखा। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 36 के शेयर लाभ में रहे तो 24 में गिरावट दर्ज की गई।
सेक्टोरल इंडेक्स : बैंकिंग सेक्टर में सबसे ज्यादा बढ़त
सेक्टोरल इंडेक्स देखें तो मिड स्मॉल प्राइवेट बैंक क्वालिटी टिल्ट 3.44 प्रतिशत और सार्वजनिक क्षेत्र का बैंक सूचकांक 3.03 प्रतिशत चढ़ा। दूरसंचार क्षेत्र में 2.41 प्रतिशत, वाहन क्षेत्र में 2.05 प्रतिशत, बैंकएक्स में 1.94 प्रतिशत, निजी बैंक सूचकांक में 1.43 प्रतिशत और जिंस में 1.24 प्रतिशत की तेजी रही। हालांकि, आईटी, स्वास्थ्य सेवा और रियल एस्टेट क्षेत्र के सूचकांक गिरावट में रहे।
निवेशकों की पूंजी ₹3.48 लाख करोड़ बढ़ी
शेयर बाजार में जबर्दस्त तेजी के बीच निवेशकों की पूंजी एक दिन में 3.48 लाख करोड़ रुपय बढ़ गई। पिछले कारोबारी दिन यानी नौ नवम्बर को बीएसई पर लिस्टेड सभी शेयरों का कुल मार्केट कैप ₹5,07,26,775.39 करोड़ था, जो आज बढ़कर ₹5,10,75,632.25 करोड़ पर पहुंच गया। यदि दो कारोबारी सत्रों को मिला लें तो निवेशकों की पूंजी में कुल 4.30 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई।
महिंद्रा एंड महिंद्रा को सर्वाधिक 5.25 प्रतिशत मुनाफा
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में महिंद्रा एंड महिंद्रा का शेयर सबसे अधिक 5.25 प्रतिशत चढ़ा। इसके अलावा इंटरग्लोब एविएशन में 4.37 प्रतिशत, ट्रेंट में 3.02 प्रतिशत, टाटा स्टील में 2.22 प्रतिशत, आईटीसी में 2.15 प्रतिशत और एक्सिस बैंक में 2.14 प्रतिशत की तेजी रही। दूसरी ओर, अदाणी पोर्ट्स, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में गिरावट रही।
एफआईआई ने 7,212.22 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे
इस बीच शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 7,212.22 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। वस्तुत: विदेशी निवेशक नवम्बर में अब तक भारतीय शेयर बाजारों में शुद्ध खरीदार रहे हैं। उन्होंने इस महीने अब तक 53,739 करोड़ रुपये का निवेश किया है। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.58 प्रतिशत बढ़कर 92.94 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।


