पीएम मोदी ने यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की से फोन पर की बात, संघर्ष समाप्ति के सभी प्रयासों में भारत योगदान देने को तैयार

नई दिल्ली, नौ नवम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से टेलीफोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं ने रूस-यूक्रेन संघर्ष से जुड़े हालिया घटनाक्रम और भारत-यूक्रेन द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने के उपायों पर चर्चा की।

यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने बातचीत के दौरान रूस से जारी संघर्ष से जुड़े हालिया घटनाक्रम पर अपना दृष्टिकोण पीएम मोदी के साथ साझा किया। वहीं, पीएम मोदी ने भारत के मानव-केंद्रित दृष्टिकोण को दोहराते हुए कहा कि संघर्ष का समाधान संवाद और कूटनीति के माध्यम से ही निकाला जाना चाहिए।

प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट किया कि भारत इस संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के उद्देश्य से किए जाने वाले सभी प्रयासों में योगदान देने के लिए तैयार है। उन्होंने शांति स्थापना के लिए बातचीत और कूटनीतिक प्रयासों के महत्व पर भी भारत का रुख दोहराया।

इसके अलावा, दोनों नेताओं ने आपसी हितों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न क्षेत्रों में भारत और यूक्रेन के बीच द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया। दोनों देशों के लोगों के पारस्परिक लाभ के लिए सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई गई।

कीव पर रूस का भीषण मिसाइल हमला

गौरतलब है कि यूक्रेन की राजधानी कीव में शनिवार तड़के रूस ने भीषण मिसाइल हमला किया। रातभर चले हमलों में कम से कम नौ लोग घायल हो गए, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। हमले में कई मकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा बिजली और पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब यूक्रेन अगले सप्ताह रूस और अमेरिका के साथ युद्ध समाप्त करने के उद्देश्य से नए सिरे से बातचीत की तैयारी कर रहा।

36 बैलिस्टिक मिसाइलें और 172 ड्रोन दागे

वोलोदिमीर जेलेंस्की ने शनिवार को बयान जारी कर कहा कि रूस ने रातभर कीव और आस-पास के इलाकों में 36 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। इसके साथ ही कीव सहित यूक्रेन के 12 अन्य क्षेत्रों में 172 ड्रोन से भी हमले किए गए। इन हमलों में एक बच्चे समेत नौ लोग घायल हुए हैं। जेलेंस्की ने आरोप लगाया कि रूस महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर त्रिपक्षीय वार्ता की तैयारी कर रहा है।

रूसी मिसाइलों ने कीव में कई स्थानों को निशाना बनाया। हमलों के कारण आवासीय इमारतों और व्यावसायिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचा। कीव के मेयर विताली क्लित्स्को ने बताया कि कीव और झितोमिर क्षेत्रों में ऊर्जा प्रतिष्ठानों को नुकसान हुआ है। शहर की जलापूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। हमलों के बाद अधिकारियों ने नीप्रो नदी के पूर्वी तट पर स्थित बड़े रिहायशी इलाकों को जोड़ने वाले 816 मीटर लंबे नॉर्दर्न ब्रिज को भी बंद कर दिया।

मंगलवार को अबू धाबी में होगी चौथे दौर की वार्ता

इस बीच रूस, यूक्रेन और अमेरिका के वार्ताकार मंगलवार को संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में बैठक करेंगे। युद्ध समाप्त करने के उद्देश्य से होने वाली यह चौथे दौर की त्रिपक्षीय वार्ता होगी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन इस बातचीत में मध्यस्थता कर रहा है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular