नई दिल्ली, नौ नवम्बर। दीपावली के अवसर पर आतिशबाजी के धूम-धड़ाकों से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में खतरनाक स्तर तक जा पहुंचे वायु प्रदूषण के बीच कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने पंजाब में पराली जलाने के मामलों का ताजा आंकड़ा जारी किया है। आठ नवम्बर तक राज्य में पराली जलाने की कुल 4,459 घटनाएं दर्ज की गई हैं। वहीं 1,228 मामलों में पर्यावरण मुआवजा 32.60 लाख रुपये वसूले गए।
CAQM की रिपोर्ट के अनुसार इनमें से 2,998 जगहों पर भौतिक निरीक्षण किया गया, जिनमें 1,310 स्थानों पर पराली जलाने के सबूत मिले। 1,228 मामलों में पर्यावरण मुआवजा लगाया गया है। कुल 62.55 लाख रुपये का जुर्माना तय किया गया, जिनमें से 32.60 लाख रुपये की वसूली हो चुकी है।
भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत 884 मामलों में FIR दर्ज की गई हैं। साथ ही 1,017 खेतों के भूमि रिकॉर्ड में ‘रेड एंट्री’ की गई है। CAQM अधिनियम की धारा 14 के तहत 18 नोडल अधिकारियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।
तरनतारन में सबसे ज्यादा मामले
जिला स्तर पर तरनतारन में सर्वाधिक 654 घटनाएं दर्ज हुईं। इसके बाद फिरोजपुर में 592, संगरूर में 488, बठिंडा में 406 और पटियाला में 288 मामले सामने आए। तरनतारन में 306 और फिरोजपुर में 247 जगहों पर पराली जलाने के सबूत मिले हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि पंजाब में धान की खेती वाले कुल 32.87 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में से 91.40 प्रतिशत हिस्से की कटाई पूरी हो चुकी है।
दिल्ली में AQI 400 के पार
इस बीच केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, सोमवार सुबह नई दिल्ली में हवा की गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी के करीब पहुंच गई थी और वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) का स्तर 400 तक दर्ज किया गया। दिल्ली के अन्य कई स्टेशनों पर AQI 400 से ऊपर रहा।
बुराड़ी क्रॉसिंग पर सबसे अधिक 441, विवेक विहार में 437, DTU में 434, दिल्ली विश्वविद्यालय नॉर्थ कैंपस और जहांगीरपुरी में 433-433 तथा रोहिणी में 430 दर्ज किया गया। मुंडका (417), पंजाबी बाग (409), NIH नरेला (407) और ITO (407) भी ‘गंभीर’ श्रेणी में रहे।
AAP ने लगाया डेटा में हेरफेरी का आरोप
वहीं दिल्ली आम आदमी पार्टी (AAP) के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सरकार पर AQI डेटा में हेराफेरी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कई मॉनिटरिंग स्टेशन बंद कर दिए गए और दिल्ली के दूर-दराज व हरित क्षेत्रों में 20 नए स्टेशन लगाए गए। प्रदूषण वाले इलाकों में स्टेशनों पर पानी छिड़ककर रीडिंग में हेरफेर की जा रही है।
भारद्वाज ने दावा किया, ‘सरकार का डेटा धोखाधड़ी पर आधारित है। लोग सरकार के AQI आंकड़ों पर बिल्कुल भी भरोसा नहीं करते। कई इलाकों में AQI का स्तर 3,000 को पार कर गया था।’


