पीएम मोदी ने एशियाई पैरा खेल-2026 के पदक विजेता भारतीय एथलीटों का किया अभिनंदन

नई दिल्ली, पांच नवम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पिछले माह संपन्न पांचवें एशियाई पैरा खेल-2026 (Aichi-Nagoya 2026 Asian Para Games) में पदक विजेता भारतीय एथलीटों से मुलाकात की और बधाई देने के साथ उनका अभिनंदन किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि देश का उद्देश्य ‘वर्ल्ड क्लास प्लेयर’ देने के साथ-साथ ‘वर्ल्ड क्लास स्पोर्ट्स इक्विपमेंट’ बनाना भी है।

‘आप सभी खिलाड़ियों को 140 करोड़ देशवासियों की तरफ से बहुत-बहुत बधाई’

नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने खेल मंत्री मनसुख मांडविया, रक्षा खडसे जी, पैरालंपिक कमिटी ऑफ इंडिया और नेशनल स्पोर्ट्स फेडरेशन के सभी प्रतिनिधियों के सम्मुख अपने संबोधन में कहा, ‘आप सभी से मिलने का मुझे बेसब्री से इंतजार था। कुछ ही सप्ताह पहले मैं एशियन गेम्स में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों से मिला था, अब मैं पैरा एशियन गेम्स के शामिल आप सभी ऊर्जावान साथियों से मुझे मिलने का अवसर मिला है।’

पीएम मोदी ने कहा, ‘आपका शानदार प्रदर्शन ये बताता है कि आज भारत स्पोर्ट्स की दुनिया में तेजी से एक बड़ी पावर के रूप में उभर रहा है। इतने बड़े प्लेटफार्म पर आप सबने मेडल तो जीता ही है, आपने करोड़ों देशवासियों का दिल भी जीता है। आप सभी पैरा एथलीट्स ने एक बार फिर ये दिखा दिया है कि सबसे ऊंची उड़ान हौसलों से होती है। मैं आप सभी खिलाड़ियों को 140 करोड़ देशवासियों की तरफ से बहुत-बहुत बधाई देता हूं।’

प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों से कहा, ‘आपकी इस उपलब्धि में आपकी फैमिली, ट्रेनर और कोच की भी अहम भूमिका है, मैं उनका भी अभिनंदन करता हूं। और मैंने पहले भी कहा था, एक सामान्य खिलाड़ी को, उसके पीछे एक कोच को जितनी मेहनत करनी पड़ती है, पैरालम्पिक के लिए उससे अनेक गुना ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, तब जाकर के रंग बिखरते हैं। इसलिए, उनको तो मैं विशेष बधाई देता हूं, उनका अभिनंदन करता हूं।’

‘हम चाहते हैं कि भारत ‘वर्ल्ड क्लास प्लेयर’ भी दे और ‘वर्ल्ड क्लास स्पोर्टस इक्विपमेंट’ भी बनाए’

पीएम मोदी ने कहा, ‘ओलम्पिक को ही ध्यान में रखते हुए इस बार लाल किले से मैंने टैलेंट हंट अभियान में युवाओं से आगे आने का आह्वान किया है। इन प्रयासों में पैरा गेम्स को उतना ही महत्व दिया जा रहा है। इसलिए आप जैसे जो खिलाड़ी निखर कर सामने आ रहे हैं, वो बिग इवेंट्स में देश का नाम रोशन कर रहे हैं। इस बार के पैरा गेम्स में भी हम ये उदाहरण देख पाए। इसी प्रतियोगिता में टॉप्स से मदद पाने वाले खिलाड़ियों ने 41 पदक जीते हैं, खेलो इंडिया के खिलाड़ियों ने 19 पदक जीते हैं। ये दिखाता है कि हमारे प्रयास सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। हम चाहते हैं कि ‘भारत वर्ल्ड क्लास प्लेयर’ भी दे और ‘वर्ल्ड क्लास स्पोर्ट्स इक्विपमेंट’ भी बनाए।”

उन्होंने कहा, “सरकार ने खेलो इंडिया ‘स्पोर्ट्स गुड्स मैन्युफैक्चरिंग स्कीम’ को मंजूरी दी है। अब समय है, हमारी स्पोर्ट्स गुड्स मैन्युफैक्चरिंग इंडस्ट्री भी नए कमाल करे। जब कोई भारतीय या विदेशी खिलाड़ी किसी मैदान पर उतरे तो, उसके स्पोर्ट्स गियर भी ‘मेड इन इंडिया’ हों और उसके कपड़े और जूते भी ‘मेड इन इंडिया’ हों।”

सरकार ने बीते दिनों 1,800 करोड़ की ‘खेलो इंडिया स्पोर्ट्स गुड्स मैन्युफैक्चरिंग स्कीम’ को मंजूरी दी

पीएम मोदी ने कहा, “कुछ दिन पहले ही, सरकार ने 1,800 करोड़ रुपये से अधिक के बजट के साथ ‘खेलो इंडिया स्पोर्ट्स गुड्स मैन्युफैक्चरिंग स्कीम’ को मंजूरी दी है। अब समय आ गया है कि हमारा खेल सामग्री निर्माण उद्योग कुछ कमाल कर दिखाए। जब ​​भी कोई खिलाड़ी चाहे वह भारतीय हो या अंतरराष्ट्रीय, मैदान पर उतरे, तो उनके खेल उपकरण गर्व के साथ ‘मेड इन इंडिया’ (भारत में निर्मित) होने चाहिए। उनके जूते, कपड़े और अन्य उपकरणों पर भारतीय उत्कृष्टता की छाप होनी चाहिए। हमारा दोतरफा विजन है: भारत में विश्व स्तरीय खिलाड़ी तैयार करना और दुनिया भर के लिए विश्व स्तरीय खेल उपकरण बनाना।”

‘बॉय-बॉय आइची-नागोया…दोहा में फिर मिलेंगे’ के वादे के साथ एशियाई पैरा खेलों का रंगारंग समापन

आइची-नागोया में भारतीयों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया

उल्लेखनीय है कि भारत ने आइची-नागोया एशियाई पैरा खेलों के इतिहास में अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए कुल 114 पदक जीते, जिसमें 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य पदक शामिल हैं। इस दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने 2023 में हांगझू में जीते गए 111 पदकों (29 स्वर्ण, 31 रजत और 51 कांस्य) के पिछले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular