Yoga करने के बाद भूलकर भी न करें ये गलतियां, आयुष मंत्रालय ने बताया नहाने और खाना खाने का सही समय

नई दिल्ली, 31 अक्टूबर। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में शरीर को स्वस्थ रखने के साथ मानसिक शांति बनाए रखना भी बड़ी चुनौती बन गया है। काम का दबाव, पारिवारिक जिम्मेदारियां और लगातार बढ़ती व्यस्तता के बीच लोग तनाव से राहत पाने के लिए योग का सहारा ले रहे हैं। योग न केवल शारीरिक फिटनेस बेहतर बनाने में मदद करता है, बल्कि मन को शांत रखने में भी अहम भूमिका निभाता है। हालांकि, योग का पूरा लाभ उठाने के लिए सही तरीके से अभ्यास करना जितना जरूरी है, उतना ही महत्वपूर्ण है सेशन का सही तरीके से समापन करना।

आयुष मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के जरिए बताया है कि माइंडफुल योगा का मतलब केवल अलग-अलग आसन करना नहीं है, बल्कि हर गतिविधि को पूरी जागरूकता, धैर्य और एकाग्रता के साथ करना है। योग अभ्यास के बाद शरीर को पर्याप्त आराम देना और मन को शांत करना भी इसकी प्रक्रिया का अहम हिस्सा है।

योग के तुरंत बाद नहाने से बचें

अगर आप रोजाना सुबह योग करते हैं तो अभ्यास खत्म होते ही तुरंत नहाने के लिए न जाएं। आयुष मंत्रालय की सलाह के अनुसार, योग सेशन पूरा होने के बाद नहाने के लिए करीब 25 से 30 मिनट का अंतर रखना चाहिए। दरअसल, योग के दौरान शरीर सक्रिय रहता है और सांसों की गति में भी बदलाव होता है। ऐसे में अभ्यास के तुरंत बाद शरीर को सामान्य स्थिति में आने और आराम करने का समय देना बेहतर होता है। इसलिए योग के बाद कुछ देर शांत बैठें और फिर स्नान करें।

योग के बाद खाना खाने के लिए कितना इंतजार करें?

योग करने के तुरंत बाद भोजन करना भी उचित नहीं माना जाता। आयुष मंत्रालय के मुताबिक, योग अभ्यास समाप्त होने के बाद खाना खाने से पहले करीब 15 से 30 मिनट इंतजार करना चाहिए। इसके बाद हल्का और पौष्टिक भोजन लिया जा सकता है। सुबह योग करने वाले लोग अपनी नियमित डाइट के अनुसार फल, हल्का नाश्ता और पौष्टिक आहार शामिल कर सकते हैं। इससे दिन की शुरुआत बेहतर तरीके से करने में मदद मिल सकती है।

योग सेशन के अंत में जरूर करें ध्यान

योग अभ्यास को पूरा करने के बाद कुछ मिनट ध्यान और मौन में बिताना भी जरूरी है। इसके लिए किसी शांत स्थान पर आराम से बैठ जाएं। आंखें बंद करके अपनी सांसों पर ध्यान केंद्रित करें। इस दौरान मन में आने वाले विचारों को शांत करने और वर्तमान पल पर ध्यान लगाने का प्रयास करें। ध्यान के बाद शांति पाठ या अंतिम प्रार्थना के साथ योग सेशन का समापन करें। अपनी आस्था और परंपरा के अनुसार शांति मंत्र का उच्चारण भी कर सकते हैं। इससे मन में सकारात्मकता, कृतज्ञता और शांति का भाव विकसित करने में मदद मिल सकती है।

योग का पूरा लाभ पाने के लिए इन बातों का रखें ध्यान

योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर और मन के बीच संतुलन बनाने की एक प्रक्रिया है। इसलिए अभ्यास के दौरान जल्दबाजी न करें। प्रत्येक आसन को अपनी क्षमता के अनुसार करें और योग समाप्त होने के बाद शरीर को पर्याप्त आराम दें। नियमित अभ्यास के साथ सही दिनचर्या अपनाने से योग के सकारात्मक परिणाम बेहतर तरीके से मिल सकते हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular