हैदराबाद, 17 अक्टूबर। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर दुर्गापूजा समारोहों की धूम के बीच शनिवार की शाम कोलकाता में जहां एक पूजा पंजाल ढहने से 17 लोगों की मौत हो गई वहीं तेलंगाना के हैदराबाद में नादरगुल स्थित MVSR इंजीनियरिंग कॉलेज में डांडिया नाइट के दौरान हादसा हो गया। इस हादसे में एक छात्रा की मौत हो गई जबकि कई छात्र घायल हो गए।
हादसे में मृत छात्रा की पहचान सोना नारायण दास के रूप में हुई है। वह कॉलेज में इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग (EEE) की प्रथम वर्ष की छात्रा थी। हादसे में सोना की बहन मीना नारायण दास भी घायल हुई है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मीना का नादरगुल के पास स्थित प्रत्युषा अस्पताल में इलाज चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को कॉलेज में डांडिया उत्सव का आयोजन किया गया था। इसी दौरान लाइटिंग या लिफ्टिंग के लिए लगाया गया एक स्ट्रक्चर गिर गया। हादसे में कई छात्र घायल हो गए। सोना को हादसे में गंभीर चोटें आई थीं। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वहीं, उसकी बहन मीना की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे के बाद घायल छात्रों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मीना नारायण दास का प्रत्युषा अस्पताल में इलाज जारी है। फिलहाल, हादसे से जुड़ी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। यह भी साफ नहीं है कि स्ट्रक्चर किस वजह से गिरा और हादसे के समय वहां कितने छात्र मौजूद थे।


