बारिश की भेंट चढ़ा निर्णायक मैच, भारत-वेस्टइंडीज टी20 सीरीज 2-2 से बराबर

बेंगलुरु, 17 अक्टूबर। एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में शनिवार की रात भारत व वेस्टइंडीज के बीच पांचवां व निर्णायक टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया, जिससे पांच मैचों की सीरीज 2-2 से बराबरी पर छूटी।

9-9 ओवरों का मैच भी बीच में ही रद करना पड़ा

दरअसल, अपराह्न चार बजे के बाद से ही रुक-रुक कर हो रही बारिश के चलते मुकाबले में व्यवधान की आशंका पहले ही थी। इसी क्रम में बारिश के कारण दो घंटे 15 मिनट की देरी से शुरू हुआ मुकाबला नौ-नौ ओवरों का कर दिया गया। फिलहाल भारतीय पारी के दौरान आठवें ओवर में एक बार फिर बारिश ने खेल रोक दिया। कुछ देर की इंतजार के बाद अंपायरों ने अंततः मुकाबला रद करने का फैसला किया।

मैच रद होने से पहले ईशान किशन (30 रन, 10 गेंद, दो छक्के, तीन चौके) व नमन धीर (नाबाद 24 रन, छह गेंद, तीन छक्के, एक चौका) की विस्फोटक बल्लेबाजी से भारत 7.4 ओवरों में पांच विकेट पर 118 रनों के मजबूत स्कोर तक जा पहुंचा था।

स्कोर कार्ड

इन दोनों के अलावा कप्तान श्रेयस अय्यर (22 रन, 14 गेंद, दो चौके) व ओपनर संजू सैमसन (16 रन, सात गेंद, एक छक्का, दो चौके) ने भी तेज हाथ दिखाए। कैरेबियाई टीम के लिए कीमो पॉल (2-34) व शमर स्प्रिंगर (2-17) ने आपस में चार विकेट बांटे।

लगातार बारिश के कारण मुकाबला रात 9.15 बजे शुरू हो सका। रात 10.03 बजे बारिश ने फिर खेल रोक दिया। इसके बाद वेस्टइंडीज को पांच ओवर में लक्ष्य का पीछा करने का मौका देने के लिए रात 10.21 बजे तक का कटऑफ समय तय किया गया था, लेकिन बारिश नहीं थमी और रात 10.18 बजे ही मुकाबला रद घोषित कर दिया गया।

कैरेबियाई कप्तान शाइ होप ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’

वैसे, कुल मिलाकर देखें तो सीरीज में वेस्टइंडीज ने दो बार के विश्व चैम्पियन भारत को कड़ी चुनौती दी। कैरेबियाई कप्तान शाइ होप सीरीज के प्रमुख बल्लेबाजों में रहे। एक दिनी सीरीज में दो शतक जड़ने के साथ टीम इंडिया को क्लीन स्वीप से वंचित करने वाले होप ने टी20 सीरीज के भी चार मैचों में दो शतकों की मदद से कुल 261 रन बनाए और उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ घोषित किया गया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular