कोलकाता में दुर्गा पूजा के दौरान हादसा : चोरबागान में पूजा पंडाल ढहने से भगदड़, 17 की मौत, 40 घायल

कोलकाता, 17 अक्टूबर। कोलकाता महानगर में दुर्गा पूजा समारोहों की धूम के बीच सप्तमी की शाम बड़ा हादसा हो गया, जब उत्तर कोलकाता के चोरबागान सार्वजनीन पूजा पंडाल में भारी भीड़ के दबाव के कारण पंडाल का एक हिस्सा ढह गया। पूजा पंडाल ढहने से वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस भगदड़ में देखते ही देखते 17 लोगों की मौत हो गई जबकि करीब 40 लोग घायल हैं।

सीएम शुभेंदु अधिकारी कलकत्ता मेडिकल कॉलेज पहुंचे

हादसे के बाद प्रभावित सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर कलकत्ता मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं। पूजा आयोजक भी राहत और बचाव कार्य में जुट गए। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल भी कलकत्ता मेडिकल कॉलेज पहुंचे।

कोलकाता पुलिस के अनुसार शनिवार की शाम करीब 7.40 बजे बारिश के दौरान गिरिश पार्क थाना क्षेत्र में स्थित चोरबागान के शारदा पार्क पूजा पंडाल के एग्जिट गेट पर भारी भीड़ के चलते भगदड़ मची। हादसे के बाद घायलों को रेस्क्यू कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MCH) पहुंचाया गया। पुलिस, फायर ब्रिगेड, कंट्रोल रूम और डिजास्टर मैनेजमेंट ग्रुप (DMG) की टीमें मौके पर भेजी गईं। एंबुलेंस के साथ मेडिकल टीम भी पहुंची।

पूजा पंडाल को तात्कालिक रूप से श्रद्धालुओं के लिए बंद किया गया

फिलहाल पूजा पंडाल को श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया गया है। प्रशासन के निर्देश पर ताला प्रतॉय पंडाल को भी फिलहाल बंद कर दिया गया है जबकि चेतला अग्रणी पंडाल को एक घंटे के लिए बंद किया गया।

दुर्गोत्सव समिति के सभी पदाधिकारियों ने दिया इस्तीफा

वहीं हादसे के बाद चोरबागान सार्वजनीन दुर्गोत्सव समिति के महासचिव जयंत बनर्जी और कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। चश्मदीदों ने पंडाल के संकरे रास्तों और प्रकाश व्यवस्था की कमी को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे। इस अप्रिय घटना के बाद से ही प्रशासन और स्थानीय स्तर पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही थीं, जिसके चलते समिति पर नैतिक दबाव काफी बढ़ गया था।

राष्ट्रपति मुर्मु ने जताया दुख

इस बीच दुर्गा पूजा पंडाल में हुई लोगों की मौत पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। राष्ट्रपति ने हादसे में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

पीएम मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया है। पीएमओ की ओर से X पर जारी पोस्ट में कहा गया कि इस घटना से बेहद दुख हुआ है। प्रधानमंत्री ने हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव मदद पहुंचा रहा है।

PMNRF से पीड़ित परिवारों को अनुग्रह राशि

प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को PMNRF से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है. वहीं, घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

राज्यपाल रवि ने जताया दुख

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर.एन. रवि ने कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ में हुई मौतों पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की।

अमित शाह ने सीएम शुभेंदु से फोन पर की बात

उधर गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से फोन पर बात की और हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

इसी क्रम में अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में रविवार के अपने सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि वह अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात करेंगे। गृह मंत्री ने मां दुर्गा से सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की।

सरकार ने जारी किया हेल्पलाइन नम्बर

वहीं, दुर्गा पूजा के दौरान हुए इस हादसे के मद्देनजर पश्चिम बंगाल सरकार ने टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। लोग 18003455678 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि कई लोग बेहोश हो गए थे। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को मोटरसाइकिलों पर बैठाकर वहां से ले जाया जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार उन्होंने आसपास कई लोगों को बेहोश होते और उन्हें बाइक से ले जाते देखा। उन्होंने बताया कि मौके पर काफी भीड़ भी मौजूद थी।

ममता बनर्जी ने जताया दुख

भगदड़ की घटना पर पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी ने भी दुख जताया है। उन्होंने कहा कि वह घटना की खबर से बेहद स्तब्ध और दुखी हैं। ममता ने घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की और इस मुश्किल समय में उनके परिवारों को हिम्मत और साहस देने के लिए मां दुर्गा से प्रार्थना की।

TMC ने सरकार से पूछा सवाल

इसके साथ ही टीएमसी ने पुलिस और प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि स्थानीय लोगों के मुताबिक मौके पर न तो पुलिस थी न सिविक वॉलंटियर्स, न एंबुलेंस और न ही भीड़ को संभालने की व्यवस्था थी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular