घरेलू शेयर बाजार में तेजी लौटी, सेंसेक्स 299 अंक चढ़ा, निफ्टी 23400 के पार पहुंचा

मुंबई, 23 सितम्बर। पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीदों व कच्चे तेल के दाम में नरमी ने घरेलू शेयर बाजार की तेजी लौटाई और दोनों बेंचमार्क इंडेक्स हरे निशान पर बंद हुए। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स 299 अंक चढ़ा तो एनएसई निफ्टी 118 अंकों की मजबूती से 23,400 के पार जा पहुंचा।

सेंसेक्स 299.17 अंकों की तेजी लेकर 74,828.25 पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 299.17 अंक यानी 0.40 प्रतिशत की तेजी लेकर 74,828.25 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 444.66 अंक चढ़कर 74,973.74 अंक तक पहुंच गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 21 के शेयर मजबूत हुए तो नौ में कमजोरी दिखी।

निफ्टी 117.80 अंकों की बढ़त से 23,446.80 पर बंद

उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी 117.80 अंक यानी 0.50 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,446.80 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 35 के शेयर बढ़त पर रहे तो 14 लाल निशान पर बंद हुए।

टाटा स्टील में सबसे ज्यादा 3.28 फीसदी तेजी

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में टाटा स्टील के स्टॉक ने सबसे ज्यादा 3.28 फीसदी तेजी देखी। बजाज फाइनेंस, आईटीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट, पावर ग्रिड और लार्सन एंड टुब्रो में भी प्रमुख रूप से तेजी रही। वहीं नुकसान में रहने वाले शेयरों में एचसीएलटेक, इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टाइटन और महिंद्रा एंड महिंद्रा शामिल हैं।

एफआईआई ने 3,809.99 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 3,809.99 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। वहीं कच्चे तेल की बात करें तो अमेरिकी तेल मानक वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) के 90 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आने से भी निवेशकों की धारणा मजबूत हुई। हालांकि  वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.35 प्रतिशत बढ़कर 99.60 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular