निशिन (जापान), 20 सितम्बर। गत चैम्पियन भारतीय महिलाओं ने यहां एशियाई खेलों (Aichi-Nagoya 2026) की टी20 क्रिकेट स्पर्धा में धाकड़ प्रदर्शन जारी रखा और रविवार को बांग्लादेश पर 114 रनों की बड़ी जीत से लगातार दूसरी बार फाइनल में प्रवेश के साथ पदक पक्का कर लिया।
India secure their spot in the Women's Asian Games Finals with a comprehensive win over Bangladesh 💪
📝: https://t.co/FU9ejrcSky pic.twitter.com/F90VX9T9e6
— ICC (@ICC) September 20, 2026
उल्लेखनीय है कि भारत ने निशानेबाजी में पहले ही दो रजत पदक जीतने के अलावा मिश्रित मार्शल आर्ट में एक कांस्य पदक पक्का कर लिया है। अब महिला क्रिकेट टीम ने स्वर्ण पदक के मुकाबले में जगह बनाकर भारत के लिए एक और पदक सुनिश्चित किया।
भारत ने खड़ा किया 4-195 रनों का मजबूत स्कोर
निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए सेमीफाइनल के दौरान सिक्के की उछाल जीतने वाली भारतीय टीम ने श्रेष्ठ फॉर्म में चल रहीं ओपनर शेफाली वर्मा के ताबड़तोड़ शतकीय प्रहार (नाबाद 100 रन, 49 गेंद, नौ छक्के, तीन चौके) की मदद से चार विकेट पर 195 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
𝙒𝙝𝙚𝙣 𝙩𝙝𝙚 𝙨𝙩𝙖𝙠𝙚𝙨 𝙖𝙧𝙚 𝙝𝙞𝙜𝙝𝙚𝙨𝙩, 𝙩𝙝𝙚 𝙗𝙧𝙞𝙜𝙝𝙩𝙚𝙨𝙩 𝙨𝙩𝙖𝙧𝙨 𝙨𝙝𝙞𝙣𝙚 ⭐
📸 @TheShafaliVerma realises a dream in the #AsianGames Semi-Final 💯
Updates ▶️ https://t.co/zMJKYRAVhE#TeamIndia pic.twitter.com/y9t56uyc47
— BCCI Women (@BCCIWomen) September 20, 2026
दीप्ति व नंदनी एंड कम्पनी के सामने बांग्लादेशी टीम 81 रनों पर बिखरी
कठिन लक्ष्य के सामने दीप्ति शर्मा (3-7), नंदनी शर्मा (3-25) व श्री चरणी (2-7) सहित अन्य गेंदबाजों ने विपक्षी बल्लेबाजों को दबोच कर रख दिया और बांग्लादेशी टीम 15.4 ओवरों में 81 रनों पर ही सिमट गई। बांग्लादेश के खिलाफ रनों के लिहाज से यह भारत की दूसरी सबसे बड़ी जीत है।
#TeamIndia continue the good work 🥳
Deepti Sharma opens her wicket-taking account as well 🔥
Updates ▶️ https://t.co/zMJKYRAVhE#AsianGames pic.twitter.com/JLwYKKolqy
— BCCI Women (@BCCIWomen) September 20, 2026
भारत की अब मंगलवार को स्वर्ण पदक के लिए श्रीलंका से टक्कर
भारत की अब मंगलवार को स्वर्ण पदक के लिए श्रीलंका से टक्कर होगी, जिसने पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान को आठ विकेट से हराया। पाकिस्तान अब मंगलवार को कांस्य पदक के लिए बांग्लादेश से भिड़ेगा। पिछले एशियाई खेलों (हांगझू) में भी भारत ने श्रीलंका को ही हराकर स्वर्ण पदक पर अधिकार किया था। उल्लेखनीय है कि दोनों टीमें पिछले रविवार को महिला टी20 एशिया कप के फाइनल में भी आमने-सामने थीं, जिसमें भारत ने 72 रनों से जीत दर्ज की थी।
सेमीफाइनल मुकाबले की बात करें तो बांग्लादेशी पारी में सलामी बल्लेबाज दिलारा अख्तर (27 रन, 23 गेंद, एक छक्का, चार चौके) सर्वोच्च स्कोरर रहीं। उनके अलावा सुल्ताना खातून (नाबाद 12 रन, आठ गेंद, दो चौके) व शर्मिन अख्तर (10 रन) ही दोहरे अंक में पहुंच सकीं।
शेफाली ने 118वें टी20 मैच में जड़ा पहला शतक
इससे पहले शेफाली ने बल्ले से जलवा बिखेरा और क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में अपने 118वें मैच में पहला शतक ठोका। इस क्रम में वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतक जड़ने वाली सिर्फ तीसरी भारतीय महिला बल्लेबाज बनीं।
𝐅𝐈𝐑𝐒𝐓 1️⃣0️⃣0️⃣ 𝐈𝐍 𝐖𝐇𝐈𝐓𝐄-𝐁𝐀𝐋𝐋 𝐈𝐍𝐓𝐄𝐑𝐍𝐀𝐓𝐈𝐎𝐍𝐀𝐋 𝐂𝐑𝐈𝐂𝐊𝐄𝐓 𝐅𝐎𝐑 𝐒𝐇𝐀𝐅𝐀𝐋𝐈 𝐕𝐄𝐑𝐌𝐀 💯
She reaches the milestone in just 4️⃣9️⃣ balls 👏🫡
Updates ▶️ https://t.co/zMJKYRAVhE#TeamIndia | #AsianGames pic.twitter.com/nEBfaU72JW
— BCCI Women (@BCCIWomen) September 20, 2026
स्मृति व हरमनप्रीत संग शेफाली की अर्धशतकीय भागीदारियां
रोहतक की इस 22 वर्षीय बल्लेबाज को साथी ओपनर अनुभवी स्मृति मंधाना (37 रन, 19 गेंद, दो छक्के, पांच चौके) और कप्तान हरमनप्रीत कौर (40 रन, 33 गेंद, छह चौके) से भी अच्छा सहयोग मिला। स्मृति संग पहले विकेट के लिए सिर्फ 36 गेंदों पर 72 रन जोड़ने के बाद शेफाली की हरमनप्रीत के साथ तीसरे विकेट के लिए 55 गेंदों पर 94 रनों की त्वरित भागीदारी आ गई। हालांकि शेफाली को अपना शतक पूरा करने के लिए अंतिम ओवर तक इंतजार करना पड़ा।


