नई दिल्ली, 20 सितम्बर। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने घरेलू LPG उपभोक्ताओं को हिदायत दी है कि उन्हें सरकारी सब्सिडी के साथ निर्धारित कीमत पर रसोई गैस सिलेंडर की बुकिंग जारी रखने के लिए एक अक्टूबर, 2026 से बॉयोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण (BAA) पूरा करना अनिवार्य होगा।
पात्र परिवारों की पहचान व गलत उपयोग रोकना ही इस कदम का उद्देश्य
मंत्रालय के अनुसार इस फैसले का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सब्सिडी वाला LPG सिलेंडर पात्र परिवारों तक ही पहुंचे। साथ ही घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक और औद्योगिक इस्तेमाल के लिए किए जाने वाले गलत उपयोग को रोकना भी इसका उद्देश्य है।
सरकार ने कहा कि एलपीजी कनेक्शन को आधार से प्रमाणित उपभोक्ताओं से जोड़ने से डुप्लीकेट और अपात्र कनेक्शन हटाने में मदद मिलेगी। इससे सब्सिडी सही लाभार्थियों तक पहुंचाने की व्यवस्था भी बेहतर होगी। हालांकि, जो उपभोक्ता पहले ही बॉयोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण पूरा कर चुके हैं, उन्हें दोबारा यह प्रक्रिया नहीं करनी होगी। वे पहले की तरह अपने एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग कर सकेंगे। लेकिन जिन उपभोक्ताओं का आधार प्रमाणीकरण अभी तक नहीं हुआ है, उन्हें सब्सिडी वाला सिलेंडर लेने के लिए पहले यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
उपभोक्ताओं के लिए BAA पूरा करने के कई विकल्प उपलब्ध
उपभोक्ताओं के लिए BAA पूरा करने के कई विकल्प उपलब्ध होंगे। मसलन, एलपीजी सिलेंडर की डेलिवरी के समय डेलीवरी कर्मचारी के मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए बॉयोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण किया जा सकेगा। इसके अलावा, एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर के शोरूम और तेल विपणन कम्पनियों के मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए भी यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। इंडेन के ग्राहक इंडियनऑयल वन, भारत गैस के उपभोक्ता हेलो बीपीसीएल और एचपी गैस के ग्राहक एचपी पे के जरिए प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
जो उपभोक्ता BAA नहीं कराना चाहते, उन्हें सब्सिडी के बिना जारी रहेगी एलपीजी की आपूर्ति
फिलहाल जो उपभोक्ता बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण नहीं कराना चाहते हैं, उन्हें एलपीजी की आपूर्ति जारी रहेगी, लेकिन उन्हें सरकारी सब्सिडी नहीं मिलेगी और सिलेंडर बाजार मूल्य पर लेना होगा। ऐसे उपभोक्ताओं को अपनी तेल विपणन कम्पनी के डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए अपनी प्राथमिकता दर्ज करानी होगी। इसके लिए वेब पोर्टल, मोबाइल एप्लिकेशन, ह्वाट्सएप चैटबॉट, आईवीआरएस या अन्य उपलब्ध माध्यमों का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
अब तक 27.43 करोड़ घरेलू एलपीजी उपभोक्ता BAA पूरा कर चुके
ऐसे उपभोक्ताओं को स्थानीय उपलब्धता के आधार पर पांच किलो या 10 किलो के सिलेंडर दिए जाएंगे। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 19 सितम्बर तक देश में 27.43 करोड़ सक्रिय घरेलू एलपीजी उपभोक्ता बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण पूरा कर चुके हैं। यह कुल उपभोक्ताओं का करीब 90 प्रतिशत है।
तेल विपणन कम्पनियां अक्टूबर, 2023 से चला रहीं जागरूकता अभियान
सरकार ने बताया कि तेल विपणन कम्पनियां अक्टूबर, 2023 से देशभर में इसके लिए जागरूकता अभियान चला रही हैं। इसके तहत उपभोक्ताओं को एसएमएस और व्हाट्सऐप संदेश भेजने, डिस्ट्रीब्यूटर और डिलीवरी कर्मचारियों के जरिए संपर्क करने, विशेष नामांकन शिविर आयोजित करने और आईवीआरएस से रिमाइंडर देने जैसे कदम उठाए गए हैं। डिजिटल और पारंपरिक मीडिया के जरिए भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
एलपीजी सिलेंडर पर 19 सितम्बर तक अप्रत्यक्ष सब्सिडी करीब 210 रुपये
सरकार के अनुसार, सितम्बर 2026 में 14.2 किलोग्राम के घरेलू एलपीजी सिलेंडर पर अप्रत्यक्ष सब्सिडी करीब 210 रुपये थी। सरकार ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कम्पनियों पर बढ़ते वित्तीय बोझ के बीच इस योजना को जारी रखने के लिए सब्सिडी केवल वास्तविक और पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना जरूरी है।


