Aichi-Nagoya 2026 : श्री चरणी व शेफाली ने बिखेरी चमक, मेजबान जापान पर बड़ी जीत से भारतीय महिलाएं सेमीफाइनल में

निशिन (जापान), 18 सितम्बर। जापान के आइची-नागोया में 20वें एशियाई खेलों (Aichi-Nagoya 2026) का औपचारिक उद्घाटन तो शनिवार को होना है, लेकिन कुछ स्पर्धाएं पहले ही शुरू हो चुकी हैं। इसी क्रम में पिछले बार की स्वर्ण पदक विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शुक्रवार को अपने खिताब बचाओ अभियान की श्रेष्ठ शुरुआत की और वामहस्त स्पिनर श्री चरणी व ओपनर शेफाली वर्मा के चमकीले प्रदर्शन से 90 गेंदों के शेष रहते मेजबान जापान पर आठ विकेट की बड़ी जीत से सेमीफाइनल में जगह सुरक्षित कर ली।

जापानी टीम 59 रनों पर सिमटी, भारत ने 5 ओवरों में पाया लक्ष्य

निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में पहले बल्लेबाजी पर बाध्य जापानी टीम श्री चरणी (4-10) व शेफाली वर्मा (2-13) सहित अन्य गेंदबाजों के सामने 19.5 ओवरों में 57 रनों पर बिखर गई। जवाब में भारत ने शेफाली वर्मा की विस्फोटक पारी (नाबाद 40 रन, 15 गेंद, दो छक्के, छह चौके) की मदद से पांच ओवरों में ही दो विकेट पर 59 रन बना लिए।

शेफाली ने 266.66 के स्ट्राइक रेट से की बल्लेबाजी

कमजोर लक्ष्य के सामने शेफाली ने आक्रामक शुरुआत की और पहले ही ओवर में चार चौके जड़कर जापान पर तुरंत दबाव बना दिया। हालांकि दूसरे छोर पर स्मृति मंधाना की जगह पारी की शुरुआत करने वालीं गुनालन कमलिनी (शून्य) और तीसरे क्रम पर उतरीं भारती फुलमाली (छह रन, एक चौका) जल्द लौट गईं। खैर, ऋचा घोष (नाबाद 12 रन, छह गेंद, दो चौके) ने शेफाली संग मिलकर जीत की औपचारिकता पूरी की। 266.66 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करने वालीं शेफाली ने लांग ऑन के ऊपर से विजयी छक्का जड़ा।

33 रनों की वृद्धि पर जापान की सभी 10 बल्लेबाज लौट गईं

इसके पूर्व हरुना इवासाकी (10 रन, 22 गेंद, एक चौका) व सर्वोच्च स्कोरर अयाका काटो-स्टैफर्ड (25 रन, 47 गेंद, दो चौके) ने पहले विकेट के लिए 24 रन जोड़े, लेकिन यह भागीदारी टूटी तो लाइन लग गई और 33 रनों के भीतर सभी 10 बल्लेबाज लौट गईं।

स्कोर कार्ड

देखा जाए तो महिला T20 एशिया कप फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ 20 रन देकर चार शिकार करने वाली श्री चरणी ने ही वैसा ही फॉर्म यहां भी जारी रखा। उन्होंने सातवें ओवर में इवासाकी को लौटाकर न सिर्फ भागीदारी तोड़ी वरन लगातार दो विकेट निकाले तो फिर लगातार अंतराल पर विकेट गिरने लगे।

भारत की अब 20 सितम्बर को सेमीफाइनल में बांग्लादेश से मुलाकात

भारत का अब 20 सितम्बर को सेमीफाइनल में बांग्लादेश से मुकाबला होगा और उस मैच विजेता टीम स्वर्ण पदक की रेस में शामिल हो जाएगी। बांग्लादेश ने चीन के खिलाफ बारिश की वजह से मैच रद होने और आईसीसी में चीन से बेहतर रैंक होने के आधार पर सेमीफाइनल में जगह बनाई है। भारत और बांग्लादेश की टीमें हाल ही में एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में दुबई में आमने-सामने थीं। भारतीय टीम ने बांग्लादेश को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी और फाइनल में श्रीलंका को हराकर खिताब जीता था।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular