ताशकंद में पीएम मोदी का जोरदार स्वागत, भारतीय समुदाय ने बांधी राखी; बोले- दोनों देशों के बीच जीवंत सेतु है प्रवासी समुदाय

ताशकंद, 30 अगस्त। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उज्बेकिस्तान यात्रा के दौरान ताशकंद में भारतीय समुदाय ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासी प्रधानमंत्री से मिलने पहुंचे। इस दौरान भारतीय समुदाय की कुछ महिलाओं ने पीएम मोदी को राखी भी बांधी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भारत और उज्बेकिस्तान की परंपराओं की खूबसूरत झलक देखने को मिली। प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भारतीय समुदाय के स्वागत की तस्वीरें और कार्यक्रम की झलक साझा करते हुए कहा कि ताशकंद में मिले प्यार और स्नेह से वह अभिभूत हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रवासी समुदाय भारत और उज्बेकिस्तान के बीच एक जीवंत सेतु की भूमिका निभा रहा है और दोनों देशों की दोस्ती को लगातार मजबूत कर रहा है।

भारतीय-उज्बेक संगीत का दिखा शानदार संगम

स्वागत समारोह में भारतीय और उज्बेक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। पीएम मोदी ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इनमें दोनों देशों के गहरे सांस्कृतिक संबंधों की झलक दिखाई देती है। प्रधानमंत्री ने तबला प्रस्तुति की एक झलक भी साझा की। उन्होंने बताया कि तबला, डोइरा और चांग जैसे वाद्ययंत्रों ने भारतीय और उज्बेक संगीत परंपराओं का शानदार संगम पेश किया। बच्चों ने भी नृत्य की प्रस्तुति दी, जिसे प्रधानमंत्री मोदी बड़े ध्यान से देखते नजर आए। कार्यक्रम के बाद उन्होंने बच्चों से मुलाकात कर उनसे हाथ भी मिलाया।

यांगी उज्बेकिस्तान स्मारक पहुंचे पीएम मोदी

भारतीय समुदाय से मुलाकात से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने ताशकंद में ‘यांगी उज्बेकिस्तान स्मारक’ का दौरा किया। इस दौरान उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव भी उनके साथ मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने यांगी उज्बेकिस्तान पार्क में उज्बेक संस्कृति और इतिहास को दर्शाने वाली कलाकृतियों का भी अवलोकन किया। पीएम मोदी ने कहा कि यह स्मारक उज्बेकिस्तान के लोगों की आकांक्षाओं और प्रगति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अपनी यात्रा की शुरुआत इस स्थान से करना उनके लिए खुशी की बात है।

एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति मिर्जियोयेव ने खुद किया स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उज्बेकिस्तान की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर ताशकंद पहुंचे हैं। विशेष सम्मान के तौर पर राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव स्वयं हवाई अड्डे पहुंचे और प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया।

ताशकंद पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने राष्ट्रपति मिर्जियोयेव का आभार जताते हुए कहा कि उनका यह विशेष सम्मान दोनों देशों के बीच मजबूत होते संबंधों को दर्शाता है। प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि उज्बेकिस्तान की यह उनकी चौथी यात्रा है, जो भारत-उज्बेकिस्तान संबंधों की गहराई और लगातार बढ़ती गति को दर्शाती है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular