मुंबई, 19 अगस्त। होर्मुज जलडमरूमध्य पर कब्जे को लेकर अमेरिका व ईरान में जारी विवाद का कोई कूटनीतिक समाधान नहीं निकलने और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों से निवेशकों की धारणा नकारात्मक बनी हुई है। इसका ही परिणाम रहा कि घरेलू शेयर बाजार में फिसलन बुधवार को भी जारी रहा और दोनों बेंचमार्क इंडेक्स लाल निशान पर रुके। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स 326 अंक टूटने के साथ जहां 77,000 के नीचे जा खिसका वहीं एनएसई निफ्टी में लगातार सातवें दिन कमजोरी दिखी और वह 77 अंकों की गिरावट लेकर बंद हुआ।
सेंसेक्स 325.78 अंक टूटकर 76,909.68 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 325.78 अंक यानी 0.42 प्रतिशत गिरकर 76,909.68 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 412.57 अंक तक गिरकर 76,822.89 अंक पर आ गया था। यह सेंसेक्स में गिरावट का लगातार चौथा कारोबारी सत्र रहा। इस दौरान सूचकांक 1,170.28 अंक यानी 1.49 प्रतिशत टूट चुका है। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 22 के स्टॉक लाल निशान पर रुके तो आठ में बढ़ोतरी दिखी।
निफ्टी 76.60 अंक गिरकर 24,078.30 पर बंद
इधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 76.60 अंक यानी 0.32 प्रतिशत गिरकर 24,078.30 अंक पर बंद हुआ। यह निफ्टी में गिरावट का लगातार सातवां कारोबारी सत्र था। इस दौरान निफ्टी 505.50 अंक यानी दो प्रतिशत तक गिर चुका है। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 16 के शेयर हरे निशान पर रहे तो 34 में गिरावट दर्ज की गई।
व्यापक बाजार में छोटी कम्पनियों का बीएसई स्मालकैप सूचकांक 0.73 प्रतिशत की गिरावट में रहा जबकि मझोली कम्पनियों के मिडकैप सूचकांक में 0.01 प्रतिशत की मामूली गिरावट रही। सेक्टोरल इंडेक्स देखें तो बिजली खंड में सर्वाधिक 1.69 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई जबकि पूंजीगत उत्पाद खंड में 1.59 प्रतिशत, जन केंद्रित सेवा खंड में 1.25 प्रतिशत और औद्योगिक खंड में 1.15 प्रतिशत की गिरावट रही।
पॉवर ग्रिड में सर्वाधिक 2.00 फीसदी का नुकसान
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में पॉवर ग्रिड के शेयर सर्वाधिक 2.00 फीसदी गिरे। बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, आईटीसी, हिन्दुस्तान यूनिलीवर और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर भी प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। दूसरी तरफ, एचसीएल टेक, इटर्नल (जोमैटो), कोटक महिंद्रा बैंक और सन फार्मा के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए।
एफआईआई ने 1,651.53 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 1,651.53 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.04 प्रतिशत बढ़कर 91.97 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।


