Indonesia Earthquake : इंडोनेशिया के तट पर 7.7 तीव्रता का भूकंप, इमारतें ढहीं, कम से कम 20 लोगों की मौत

मौमेरे (इंडोनेशिया), 15 अगस्त। इंडोनेशिया के तट पर शनिवार तड़के 7.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचा दी। भूकंप के झटकों से कई मकान और इमारतें ढह गईं। हादसे में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। भूस्खलन के मलबे में दो अन्य लोगों के दबे होने की आशंका है, जिनकी तलाश में बचाव अभियान जारी है।

सुनामी की चेतावनी जारी, बाद में वापस ली गई

भूकंप के बाद अधिकारियों ने तटीय इलाकों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी करते हुए लोगों से ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील की। हालांकि, बाद में चेतावनी वापस ले ली गई। इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान और भूभौतिकी एजेंसी के मुताबिक समुद्र के जलस्तर में ऐसा कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं मिला, जिससे तटीय क्षेत्रों को खतरा हो।

अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण के अनुसार भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 5:58 बजे फ्लोरेस क्षेत्र में करीब 10 किलोमीटर की गहराई में आया। इसका केंद्र पूर्वी नुसा तेंगारा प्रांत के एंडे शहर से करीब 68 किलोमीटर उत्तर-उत्तर पश्चिम में था। शुरुआती झटके के बाद कई आफ्टरशॉक्स भी महसूस किए गए।

मलबे से 20 शव बरामद

मौमेरे तलाश एवं बचाव एजेंसी के प्रमुख फतहुर रहमान ने बताया कि सिक्का, पश्चिमी मंगराई और पूर्वी मंगराई के तीन प्रभावित क्षेत्रों से कम से कम 20 शव बरामद किए गए हैं। इनमें मंगराई के रेओक गांव में भूस्खलन के मलबे से मिले आठ शव भी शामिल हैं। छह गंभीर घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बचाव दल उन दो ग्रामीणों की तलाश कर रहे हैं, जिनके मलबे में दबे होने की आशंका है।

बिजली गुल, राहत-बचाव अभियान में मुश्किल

पूर्वी नुसा तेंगारा के पुलिस प्रमुख रूडी दारमोको ने बताया कि भूकंप से कई इमारतें ढह गई हैं और बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। कई शहरों और गांवों में बिजली गुल होने से सूचनाएं जुटाने और राहत-बचाव अभियान में मुश्किलें आ रही हैं। भूकंप के कारण एंडे रीजेंसी में हुए भूस्खलन से ट्रांस-फ्लोरेस हाईवे भी बाधित हो गया है।

अस्पतालों से मरीज बाहर निकाले गए

स्थानीय टेलीविजन फुटेज में कई अस्पतालों से मरीजों को एहतियातन बाहर निकालते देखा गया। अस्पताल कर्मचारियों ने बेड, ड्रिप स्टैंड और ऑक्सीजन सिलेंडर समेत जरूरी उपकरण बाहर निकाले और आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्थायी उपचार केंद्र बनाए। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी के अनुसार, नागेकेओ रीजेंसी में करीब 2,000 ग्रामीणों ने अपने घर छोड़कर अस्थायी आश्रय स्थलों में शरण ली है।

बंदरगाह का प्रतीक्षालय भी ढहा

सिक्का रीजेंसी की निवासी योहाना एम्बु ने बताया कि तेज झटकों से कई इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं। उन्होंने मौमेरे बंदरगाह टर्मिनल के प्रतीक्षालय के ढहने की जानकारी दी। फ्लोरेस द्वीप के सेंट पीटर मेजर सेमिनरी में भी भूकंप के दौरान अफरा-तफरी मच गई। सेमिनरी के प्रमुख पादरी गिडेलबर्टस टांगा ने बताया कि सुबह की प्रार्थना में शामिल छात्र और नन सभागार की छत गिरने के बाद बाहर भागे। इस दौरान एक पादरी के इमारत की दूसरी मंजिल से कूदने के कारण पैर में चोट आई।

‘रिंग ऑफ फायर’ में होने से भूकंप का खतरा

करीब 17 हजार द्वीपों वाला इंडोनेशिया प्रशांत महासागर के ‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में स्थित है। यह इलाका भूकंप और ज्वालामुखीय गतिविधियों के लिए बेहद संवेदनशील माना जाता है। इससे पहले दिसंबर 1992 में करीब सात तीव्रता के भूकंप के बाद आई सुनामी ने फ्लोरेस द्वीप में भारी तबाही मचाई थी और करीब 2,500 लोगों की मौत हुई थी।

RELATED ARTICLES

Most Popular