Homeहिन्दीराष्ट्रीय‘जेन जी की आवाज नहीं दबा सकते’: राहुल गांधी का मोदी-शाह पर...

‘जेन जी की आवाज नहीं दबा सकते’: राहुल गांधी का मोदी-शाह पर हमला, छात्रों पर काररवाई को लेकर भी साधा निशाना

नई दिल्ली, 31 जुलाई। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार देश की नई पीढ़ी (जेन जी) की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में लिखा, “पीएम मोदी और अमित शाह, आप जेन जी को धमकाकर चुप नहीं करा सकते। पहले आपने उनके हाथ-पैर तोड़े, अब एफआईआर दर्ज कर रहे हैं और उनके सोशल मीडिया अकाउंट बंद करवा रहे हैं। आप भारत का अतीत हैं। भारत के भविष्य के साथ कैसा व्यवहार करना चाहिए, इसे लेकर सावधान रहें।”

इससे पहले बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि उन्हें लोकसभा में अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया गया। उनका दावा था कि उनसे कहा गया कि यदि वे गृह मंत्री अमित शाह पर दिए गए बयान के लिए माफी मांग लें तो उन्हें बोलने दिया जाएगा, लेकिन उन्होंने माफी मांगने से इनकार कर दिया। राहुल गांधी के अनुसार, उन्होंने कई बार लोकसभा अध्यक्ष से सदन में व्यवस्था बहाल कर उन्हें बोलने की अनुमति देने की अपील की, लेकिन संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत अन्य मंत्रियों को बार-बार बोलने का मौका मिला, जबकि उन्हें बोलने से रोका गया।

कांग्रेस सांसद ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस काररवाई को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों पर पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया, जिससे एक छात्र की आंख गंभीर रूप से घायल हुई और उसकी रोशनी जाने का खतरा है। राहुल गांधी ने दावा किया कि उन्होंने एम्स का मेडिकल सर्टिफिकेट देखा है, जिसमें छात्र को पैलेट लगने की पुष्टि हुई है।

राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पैलेट गन का इस्तेमाल उनकी जानकारी के बिना संभव नहीं हो सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्होंने संसद में अमित शाह को पुलिस अधिकारियों से फोन पर बात करते देखा था और केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह को भी लगातार फोन आ रहे थे। उनके अनुसार, इससे स्पष्ट है कि सरकार को सड़क पर हो रही घटनाओं की पूरी जानकारी थी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments