नई दिल्ली, 30 सितम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को पूर्वाह्न 11 बजे नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के शताब्दी समारोह में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने बुधवार को जारी एक बयान यह जानकारी दी। पीएम मोदी इस अवसर पर सभा को संबोधित भी करेंगे।
प्रधानमंत्री एक स्मारक सिक्का और डाक टिकट भी जारी करेंगे
यह कार्यक्रम उन वर्षपर्यंत चलने वाले समारोहों का समापन होगा, जो पिछले वर्ष एक अक्टूबर से आरंभ हुए थे और 1926 में यूपीएससी की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे हैं। इस अवसर पर पीएम मोदी यूपीएससी शताब्दी स्मारक सिक्का, एक स्मारक डाक टिकट और ‘भारत में यूपीएससी और लोक सेवा आयोगों की नीतियों को आकार देने वाले – 100 ऐतिहासिक निर्णय’ नामक पुस्तक का विमोचन करेंगे।
इस कार्यक्रम में राज्य लोक सेवा आयोगों के अध्यक्ष और सदस्य, भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षाविद, यूपीएससी अधिकारी और देशभर के अन्य हितधारकों की भागीदारी देखने को मिलेगी। यह कार्यक्रम यूपीएससी द्वारा 30 सितम्बर और एक अक्टूबर, 2026 को आयोजित किए जा रहे दो दिवसीय कार्यक्रम का हिस्सा है। पहले दिन भारत मंडपम में ‘शताब्दी समारोह – मंथन’ होगा, जिसमें प्रख्यात वक्ताओं के संबोधन के बाद विभिन्न विषयों पर पैनल चर्चा होगी।


