1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. राष्ट्रमंडल खेल 2026 : पीएम मोदी ने गावित-बासिल की ऐतिहासिक 1-2 फिनिश को सराहा, श्रीशंकर को भी दी बधाई
राष्ट्रमंडल खेल 2026 : पीएम मोदी ने गावित-बासिल की ऐतिहासिक 1-2 फिनिश को सराहा, श्रीशंकर को भी दी बधाई

राष्ट्रमंडल खेल 2026 : पीएम मोदी ने गावित-बासिल की ऐतिहासिक 1-2 फिनिश को सराहा, श्रीशंकर को भी दी बधाई

0
Social Share

नई दिल्ली, 30 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारतीय पैरा एथलीटों – दिलीप महादु गावित और मोहम्मद बासिल मोर्सिंगनाकाथी को पुरुषों की टी47 100 मीटर स्पर्धा में क्रमशः स्वर्ण और रजत पदक जीतने पर बधाई दी। इसके साथ ही पीएम मोदी ने पुरुषों की लंबी कूद स्पर्धा में लगातार दूसरी बार रजत पदक जीतने वाले मुरली श्रीशंकर की भी जमकर सराहना की।

सातवें दिन के समापन पर भारत के खाते में 3 स्वर्ण सहित 15 पदक

भारत ने बुधवार को इन तीन पदकों (एक स्वर्ण व दो रजत) पदकों के साथ सातवें दिन की खेल स्पर्धाओं में अपने अभियान का समापन किया। भारतीय दल ने अब तक कुल 15 पदक (तीन स्वर्ण, नौ रजत व तीन कांस्य) जीते हैं और सातवें दिन की समाप्ति पर वह पदक तालिका में आठवें स्थान पर रहा। वहीं अग्रणी ऑस्ट्रेलिया ने पदकों का सैकड़ा पूरा कर लिया है। उसके खाते में बुधवार की समाप्ति तक 103 पदक (47-21-35) आ चुके थे। कनाडा 39 पदकों (14-11-14) के साथ दूसरे स्थान पर है जबकि इंग्लैंड ने 56 पदक (12-27-17) जीते हैं।

गावित और बासिल ने दिलाई ऐतिहासिक 1-2 फिनिश

दिलीप महादु गावित ने पुरुषों की टी47 100 मीटर स्पर्धा में 10.71 सेकेंड के गेम्स रिकॉर्ड समय के साथ स्वर्ण पदक जीता जबकि मोहम्मद बासिल मोर्सिंगनाकाथी ने 10.83 सेकंड के अपने सत्र के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ रजत पदक हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ भारत ने ऐतिहासिक 1-2 फिनिश दर्ज की।

पीएम मोदी ने गावित के प्रदर्शन को बताया शानदार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर दिलीप महादु गावित को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने पुरुषों की टी47 100 मीटर स्पर्धा में शानदार समय के साथ स्वर्ण पदक जीतकर नया गेम्स रिकॉर्ड बनाया और अपना सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि गावित की रफ्तार, दृढ़ संकल्प और लगन ने देश का गौरव बढ़ाया है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

मोहम्मद बासिल की मेहनत और जज्बे की भी सराहना

पीएम मोदी ने मोहम्मद बासिल मोर्सिंगनाकाथी को रजत पदक जीतने पर बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने शानदार स्प्रिंट और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए हासिल की गई यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत और फोकस का परिणाम है तथा भविष्य में भी उनसे ऐसी ही उपलब्धियों की उम्मीद है।

लगातार दूसरे राष्ट्रमंडल खेल में श्रीशंकर ने जीता रजत

प्रधानमंत्री ने मुरली श्रीशंकर को भी बधाई दी, जिन्होंने पुरुषों की लंबी कूद स्पर्धा में 8.09 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाकर सिल्वर मेडल जीता। राष्ट्रमंडल खेलों में यह उनका लगातार दूसरा रजत पदक है। इससे पहले उन्होंने बर्मिंघम 2022 में 8.08 मीटर की छलांग के साथ रजत पदक अपने नाम किया था।

श्रीशंकर की उपलब्धि से युवा होंगे प्रेरित : प्रधानमंत्री

पीएम मोदी ने कहा कि श्रीशंकर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया और सिल्वर मेडल जीता। उन्होंने विश्वास जताया कि श्रीशंकर की सफलता देश के युवाओं को एथलेटिक्स में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code