1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. लोकसभा में भी वंदे मातरम् बिल पास, विपक्ष बोला- यह केवल असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश
लोकसभा में भी वंदे मातरम् बिल पास, विपक्ष बोला- यह केवल असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश

लोकसभा में भी वंदे मातरम् बिल पास, विपक्ष बोला- यह केवल असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश

0
Social Share

ई दिल्ली, 30 जुलाई। राज्यसभा के बाद गुरुवार को लोकसभा में भी वंदे मातरम् बिल पास कर दिया गया। विपक्ष के भारी हंगामे के बीच इसे ध्वनिमत से पास किया गया। इसके साथ ही साथ सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई है। सदन की कार्यवाही अब शुक्रवार पूर्वाह्न 11 बजे से फिर से शुरू होगी।

वंदे मातरम् बिल का उद्देश्य

वंदे मातरम् बिल का मकसद यह है कि ‘वंदे मातरम’ को भी राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ की तरह ही कानूनी सुरक्षा देना है। यदि कोई ‘वंदे मातरम’ का अपमान करता है तो उसे तीन वर्ष तक की जेल, जुर्माना या दोनों हो सकते हैं।

सपा सांसद जियाउर्रहमान बोले – सरकार हिन्दू-मुस्लिम के बीच दूरी पैदा करना चाहती है

बिल पास होने के बाद सपा सांसद जियाउर्रहमान ने कहा कि देश में बड़ी मुस्लिम आबादी है, इसलिए उनकी भावनाओं और चिंताओं को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। इस बिल के जरिए सरकार हिन्दू-मुस्लिम के बीच दूरी पैदा करना चाहती है। मैं हिन्दू समाज से पूछना चाहता हूं कि इससे उनके बच्चों को न रोजगार मिलेगा, न भ्रष्टाचार खत्म होगा, न महंगाई कम होगी या न नीट जैसी समस्याओं का समाधान होगा। यह केवल असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश है।

‘राष्ट्रगीत में जो शब्द हैं, उससे हमारे धर्म का टकराव होता है, इसलिए हम उसे नहीं गा सकते’

उन्होंने कहा, ‘हम मुस्लिम राष्ट्रगान का विरोध नहीं करते। हम उसे गाते हैं, उससे प्यार करते हैं। राष्ट्रगीत में जो शब्द हैं, उससे हमारे धर्म का टकराव होता है। इसलिए हम उसे नहीं गा सकते, इसलिए उसका विरोध है। यही कारण है, इसके अलावा कुछ नहीं।’

वंदे मातरम् का सम्मान, भारत का अभिमान – विनोद तावड़े

वहीं भाजपा सांसद विनोद तावड़े ने इस बिल को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि वंदे मातरम् का सम्मान, भारत का अभिमान है। जिस मंत्र ने, जिस जय घोष ने देश की आजादी के आंदोलन को ऊर्जा दी, प्रेरणा दी, त्याग और तपस्या का मार्ग दिखाया, उस राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का गर्व के साथ पुण्य स्मरण करना हमारा बहुत बड़ा सौभाग्य है।’

राज्यसभा में विपक्षी सांसदों ने अमित शाह से जवाबदेही की मांग की

दूसरी ओर सदन में एंटी पेपर लीक मामले में विपक्षी दलों के सांसदों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जवाबदेही देने की मांग की। राज्यसभा में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एंटी पेपर लीक बिल पर कहा कि दो वर्ष बाद आप जो काम कर रहे हैं, उसे 2024 में क्यों नहीं किया, क्योंकि तब आपको राजनीति करनी थी। लोकसभा चुनाव सामने थे।

‘दो वर्ष बाद आप जो काम कर रहे हैं, उसे 2024 में क्यों नहीं किया?’

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, ‘राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा में लगातार पेपर लीक और युवाओं के भविष्य का मुद्दा उठा रहे थे। आप ये करते तो क्रेडिट नहीं मिलता। उस समय परीक्षा व्यवस्था को सुधारने की बजाय आप जल्दबाजी में ऐसा कानून लाए थे, जिसे दो साल में ही आपको संशोधित करना पड़ रहा है। इस बिल का हम स्वागत करते हैं, लेकिन ये अभी अधूरा है। यह पेपर लीक होने के बाद की काररवाई को मजबूत करता है, पेपर लीक होने से रोकने की मजबूत व्यवस्था इसमें नहीं है।’

अमित शाह को सदन में आकर जवाब देना चाहिए – सागरिका घोष

टीएमसी सांसद सागरिका घोष ने भी मांग की कि अमित शाह को सदन में आकर जवाब देना चाहिए। उन्होंने 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान दिल्ली पुलिस के द्वारा प्रदर्शनकारियों पर किए गए लाठीचार्ज पर स्पष्टीकरण मांगा है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code