CJP आंदोलन के बीच पीएम मोदी ने 24 घंटे में दूसरी बार शेयर किया वीडियो, अबकी युवाओं को दिया धन्यवाद
नई दिल्ली, 24 जुलाई। राष्ट्रीय राजधानी में जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की अगुआई में जारी युवाओं व छात्रों के आंदोलन के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 घंटे के भीतर दूसरी बार इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया है।
पीएम मोदी ने इस नए वीडियो में कहा है – ‘थैंक यू फ्रेंड्स, कल देर रात आपसे मिलने का मौका मिला। मैंने जो Video पोस्ट किया था, उसके जिस प्रकार से आपने रिस्पांड किया। सकारात्मक सुझाव दिए। थैंक यू एवरीबॉडी। ये आपका प्यार बना रहेगा। हमारा नाता और अधिक सक्रियता से जुड़ता रहेगा। थैंक यू थैंक यू दोस्तों।’
View this post on Instagram
इससे पहले पीएम मोदी ने गुरुवार की मध्यरात्रि से तनिक पहले 11.52 बजे एक वीडियो पोस्ट किया था। ये छात्रों से उनके संवाद का पहला वीडियो था। उन्होंने कहा था, ‘मैं जानता हूं कि पेपर लीक कोई मामूली विषय नहीं है। लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के लिए बहुत ही पीड़ादायक है। और इसलिए पेपर लीक घटना से अब तक पिछले ढाई महीनों में अनेक विधिक कदम उठाए गए। गुनहगारों को पकड़ा गया है, वे जेल में पड़े हैं।’
तत्काल परीक्षाएं लेना बहुत जरूरी था : पीएम मोदी
पीएम मोदी ने पहले वीडियो में यह भी कहा था, हमारा सबसे महत्वपूर्ण जिम्मा था कि विद्यार्थियों का एक वर्ष बर्बाद न हो। तत्काल परीक्षाएं लेना बहुत जरूरी था। सरकार ने अभी पूरी शक्ति का उपयोग करके कम से कम समय में 22 लाख विद्यार्थियों के एग्जाम कराए, इसका प्रबंध किया। अभी 5-6 दिन पहले 19 तारीख को रिजल्ट भी आ गया।’
View this post on Instagram
दिलचस्प यह है कि पीएम मोदी ने गुरुवार की जैसे ही वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया, देखते ही देखते वीडियो पर मिलियन में व्यूज आ गए थे। अपलोड होने के 24 घंटे अंदर इस वीडियो को 1.66 करोड़ से ज्यादा लोग देख चुके हैं।
