ब्लैक सी में वाणिज्यिक जहाज पर हमले में एक भारतीय की मौत, विदेश मंत्रालय ने जताई गहरी चिंता

नई दिल्ली, 24 जुलाई। ब्लैक सी में एक वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की जान चली गई। विदेश मंत्रालय ने हमले की निंदा करते हुए इस घटना को गंभीर चिंता का विषय बताया है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार एमवी ओमोर्फी नामक जहाज 18 जुलाई को ब्लैक सी में रूस के क्षेत्रीय जल में गुजर रहा था, तभी इस पर हमला हुआ। हमले के समय जहाज पर 10 क्रू सदस्य सवार थे, जिनमें तीन भारतीय भी शामिल थे।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘उपलब्ध जानकारी के अनुसार, हमले में एक भारतीय नागरिक की दुखद मौत हो गई। हम शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं। बाकी दो भारतीय सुरक्षित हैं।’

मंत्रालय ने आगे कहा कि भारत वाणिज्यिक जहाजों पर ऐसे हमलों की कड़ी निंदा करता है, जो निर्दोष सिविलियन क्रू सदस्यों की जान को खतरे में डालते हैं। स्वतंत्र नौवहन और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर बढ़ते खतरे चिंता का विषय हैं। भारत सभी संबंधित पक्षों से अपील करता है कि वे समुद्री नौवहन की सुरक्षा और वैश्विक वाणिज्य के निर्बाध प्रवाह को सुनिश्चित करें।

विदेश मंत्रालय के अनुसार भारतीय मिशन ने रूस की संबंधित अथॉरिटीज से संपर्क किया है और प्रभावित परिवार को हर संभव मदद पहुंचाने का प्रयास कर रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular