Homeहिन्दीराष्ट्रीयNEET UG 2026 की पुनर्परीक्षा का परिणाम घोषित : 11.21 लाख अभ्यर्थी...

NEET UG 2026 की पुनर्परीक्षा का परिणाम घोषित : 11.21 लाख अभ्यर्थी सफल, पंजाब व हरियाणा के छात्र टॉपर

नई दिल्ली, 16 जुलाई। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने गुरुवार देर शाम NEET UG 2026 की पुनर्परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया। दरअसल, इस वर्ष NEET UG 2026 के पेपर लीक होने के कारण परीक्षा दोबारा कराई गई थी।

री-नीट परीक्षा में देश और विदेश के करीब 20 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे। परीक्षा भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में स्थित 5,440 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। इनमें से 11.21 लाख अभ्यर्थियों ने एमबीबीएस, बीडीएस, आयुष और अन्य संबद्ध मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए अर्हता हासिल की है।

छात्राओं की सफलता दर छात्रों से बेहतर रही

NTA के अनुसार क्वालिफाई करने वाले उम्मीदवारों में 58 प्रतिशत से अधिक छात्राएं शामिल हैं। छात्राओं की सफलता दर भी छात्रों से बेहतर रही। परीक्षा में शामिल हुई 56.8 प्रतिशत छात्राएं सफल रहीं, जबकि छात्रों की सफलता दर 55.1 प्रतिशत रही। 93 प्रतिशत से अधिक अभ्यर्थी पहली बार NEET में शामिल हुए थे जबकि 99 प्रतिशत टॉपर्स की उम्र 17 से 19 वर्ष के बीच है।

वेबसाइट neet.nta.nic.in पर देखे जा सकते हैं परिणाम

परिणाम समय पर जारी होने से मेडिकल कॉलेजों में दाखिले और काउंसलिंग की प्रक्रिया तय कार्यक्रम के अनुसार शुरू हो सकेगी। उम्मीदवार अपना स्कोरकार्ड आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर देख सकते हैं।

पंजाब के आर्यन और हरियाणा के पांशुल ने किया टॉप

पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने सफल अभ्यर्थियों में संयुक्त रूप से टॉप किया। दोनों ने 720 में बराबर 715 अंक हासिल किए। देशभर में 19 उम्मीदवारों ने 700 से अधिक अंक प्राप्त किए जबकि 138 उम्मीदवारों ने 690 से अधिक अंक हासिल किए। वहीं 1,492 उम्मीदवारों ने 650 या उससे अधिक, 10,160 उम्मीदवारों ने 600 या उससे अधिक और 90,780 उम्मीदवारों ने 500 या उससे अधिक अंक प्राप्त किए।

उत्तर प्रदेश से सबसे अधिक 1.7 लाख से ज्यादा उम्मीदवार सफल

NTA के अनुसार सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से उम्मीदवार क्वालिफाई हुए हैं। उत्तर प्रदेश से सबसे अधिक 1.7 लाख से ज्यादा उम्मीदवार सफल हुए जबकि लक्षद्वीप से 43 उम्मीदवारों ने परीक्षा पास की। राज्यवार टॉपर्स में लद्दाख की जिग्मेट यांगचेन लामो (530 अंक), अंडमान-निकोबार के ध्रुव त्रिपाठी (606 अंक) और लक्षद्वीप की फहमीदा अनीस (573 अंक) शामिल हैं। कुल 17 राज्यों के टॉपर्स ने 700 या उससे अधिक अंक, जबकि 26 राज्यों के टॉपर्स ने 690 से अधिक अंक हासिल किए।

श्रेणीवार सफल उम्मीदवार

  • सामान्य वर्ग : 2.91 लाख
  • OBC-NCL : 5.12 लाख
  • SC : 1.59 लाख
  • ST : 63,716
  • EWS : 95,026
  • PwBD : 3,666
  • PwD : 303

13 भाषाओं में आयोजित की गई परीक्षा

गौरतलब है कि NEET UG 2026 का आयोजन 13 भाषाओं – हिन्दी, अंग्रेजी, असमिया, बंगाली, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, मराठी, ओड़िया, पंजाबी, तमिल, तेलुगु और उर्दू में कराया गया। NTA ने स्पष्ट किया है कि उसका काम परीक्षा आयोजित करना, परिणाम घोषित करना और ऑल इंडिया रैंक जारी करना है। MBBS और BDS की ऑल इंडिया कोटा काउंसलिंग मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) कराएगी जबकि राज्य कोटे की काउंसलिंग संबंधित राज्य सरकारें आयोजित करेंगी।

उम्मीदवारों को धोखाधड़ी से सावधान रहने की सलाह

इसी क्रम में NTA ने उम्मीदवारों को फर्जी कॉल, मैसेज और सीट दिलाने के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी से सावधान रहने की सलाह दी है। एजेंसी ने साथ ही यह भी कहा है कि वह किसी भी उम्मीदवार से पैसे या व्यक्तिगत जानकारी नहीं मांगती।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments