जापान ओपन : सिंधु क्वार्टर फाइनल में, विश्व नंबर 5 चीनी स्टार हान यू को सीधे गेमों में शिकस्त दी

टोक्यो, 16 जुलाई। भारत की शीर्षस्थ महिला शटलर व दो बार की ओलम्पिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने गुरुवार को यहां जापान ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन जारी रखते हुए विश्व नंबर पांच चीनी स्टार हान यू पर सीधे गेमों में आसान जीत से क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया, जो उनका मौजूदा सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है।

हान से अब तक हुई नौ मुलाकातों में सिंधु की आठवीं जीत

विश्व रैंकिंग में 10वें नंबर पर काबिज 31 वर्षीय सिंधु ने कोर्ट नंबर एक पर खेले गए दिन के दूसरे मैच में पांचवी सीड हान को सिर्फ 35 मिनट में 21-16, 21-14 से पराजित किया। इसके साथ ही सिंधु ने हान के खिलाफ अपना मैच रिकॉर्ड 8-1 कर लिया है।

गैर वरीय सिंधु ने धीमी शुरुआत के बाद पहले गेम के बीच में लय हासिल की। उन्होंने शटल को सटीक रूप से हिट किया और रैलियों पर हावी होकर बढ़त बना ली। इसके बाद भारतीय शटलर ने दूसरे गेम में पूरी तरह से दबदबा बनाया और 8-0 की बढ़त हासिल करने के बाद आसानी से मुकाबला जीत लिया।

अब जापानी नोजोमी ओकुहारा से होगी टक्कर

पूर्व विश्व चैंपियन सिंधु का सेमीफाइनल में प्रवेश के लिए जापान की नोजोमी ओकुहारा से होगा, जिन्हें शीर्ष वरीयता प्राप्त दक्षिण कोरियाई खिलाड़ी आन से-यंग के दूसरे दौर के मैच से हटने के बाद वॉकओवर मिल गया था।

क्रास्टो व कपिला की जोड़ी टॉप सीड चीनी टीम से हारी

इस बीच तनीशा क्रास्टो और ध्रुव कपिला की मिश्रित युगल जोड़ी प्री-क्वार्टर फाइनल में हार कर बाहर हो गई। भारतीय टीम को चीन की फेंग यान झे व हुआंग डोंग पिंग की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी के हाथों 47 मिनट में 20-22, 17-21 से पराजय झेलनी पड़ी।

RELATED ARTICLES

Most Popular