Homeहिन्दीखेलएक दिनी सीरीज : रूट के जिम्मेदाराना 99 रनों से इंग्लैंड ने...

एक दिनी सीरीज : रूट के जिम्मेदाराना 99 रनों से इंग्लैंड ने की बराबरी, दूसरे मैच में टीम इंडिया 4 विकेट से परास्त

कार्डिफ, 16 जुलाई। इंग्लिश क्रिकेट में हो रहे बदलावों, खाली पदों और अनिश्चितता के बीच जो रूट अब भी टीम के लिए एक सच्चे मार्गदर्शक बने हुए हैं। गुरुवार की रात सोफिया गार्डन्स में भी ऐसा ही कुछ नजारा दिखा, जब यॉर्कशर के इस 35 वर्षीय दृढ़प्रतिज्ञ बल्लेबाज ने दूसरे दिवा-रात्रि एक दिनी अंतराष्ट्रीय मुकाबले में अटूट 99 रनों (133 गेंद, नौ चौके) की जिम्मेदाराना पारी खेली और इंग्लैंड ने 35 गेंदों के शेष रहते भारत को चार विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी हासिल कर ली।

कोहली व श्रेयस के पचासों के बावजूद अंग्रेज पेसरों ने भारत को 233 पर रोका

पहले बल्लेबाजी पर बाध्य टीम इंडिया विराट कोहली (65 रन, 66 गेंद, आठ चौके) व श्रेयस अय्यर (66 रन, 71 गेंद, दो छक्के, पांच चौके) के अर्धशतकीय प्रहारों के बावजूद अंग्रेज पेसरों – जोफ्रा आर्चर (3-47), गस एटकिंसन (3-50) व साकिब मोहम्मद (2-52) से सामने ओवरों का पूरा कोटा भी नहीं खेल सकी और 44 ओवरों में 233 रनों पर सीमित हो गई।

मेजबानों ने 35 गेंदों के शेष रहते दर्ज की आसान जीत

जवाबी काररवाई में चार ओवरों के भीतर दोनों ओपनरों को गंवाने के बावजूद इंग्लैंड को जो रूट का सहारा मिला, जो न सिर्फ अंत तक क्रीज पर टिके रहे वरन अन्य बल्लेबाजों संग छिटपुट भागीदारियों से टीम को मंजिल दिला दी, जिसने 44.1 ओवरों में छह विकेट पर 235 रन बना लिए। अब दोनों टीमें रविवार को ऐतिहासिक लार्ड्स मैदान पर सीरीज जीतने की कोशिश करेंगी।

एटकिंसन ने विजयी चौका जड़ा, 21वें शतक से एक रन दूर रह गए रूट

दिलचस्प यह रहा कि क्रिकेट के इस प्रारूप में अपना 21वां शतक न बना पाने का ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ रूट पर कोई असर नहीं दिखा। जब जीत के लिए तीन रन चाहिए थे, तब गस एटकिंसन (नाबाद 23 रन, 16 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) ने ‘बिहाइंड स्क्वायर’ चौका जड़ दिया और रूट उत्साह के साथ पिच पर दौड़ पड़े। खैर, रूट का 67वां 50 प्लस स्कोर था और लगातार पांचवीं बार उन्होंने ऐसा किया।

रूट ने मेजबानों को खराब शुरुआत से उबारा

यह बिल्कुल वैसा ही था जैसा अक्सर होता है – टीम को मुश्किल स्थिति से बाहर निकालना। चेज (लक्ष्य का पीछा) शुरू होने के ठीक बाद क्रीज पर आना और उन मुश्किल हालात का सामना करना, जिसने बाकी बल्लेबाजों को आउट कर दिया था और इंग्लैंड का स्कोर तीन विकेट पर 53 रन हो गया था। इस क्रम में जसप्रीत बुमराह (1-45) पारी की पहली गेंद पर बेन डकेट (शून्य) को खाता नहीं खोलने दिया था तो चौथे ओवर में जैकब बेथल (चार रन, एक चौका) प्रसिद्ध कृष्णा (1-52) के शिकार हो गए थे जबकि कप्तान हैरी ब्रूक (16 रन, 16 गेंद, एक छक्का, दो चौके) को गुरनूर बराड़ (2-67) ने लौटाया था।

स्कोर कार्ड

लेकिन रूट की संयमित बल्लेबाजी और ब्रूक, सैम करन (26 रन, 31 गेंद, चार चौके), विल जैक्स (30 रन, 44 गेंद, दो चौके) और आखिर में एटकिंसन संग उनकी उपयोगी भागीदारियों (क्रमशः 45, 41, 72 व नाबाद 38 रन) ने यह पक्का कर दिया कि रविवार को लॉर्ड्स में होने वाला आखिरी वनडे ‘विनर-टेक्स-ऑल’ (जीतने वाला ही सीरीज जीतेगा) वाला मुकाबला होगा।

रोहित की शुभमन व विराट संग उपयोगी भागीदारियां

इसके पूर्व भारतीय पारी में रोहित शर्मा (26 रन, 47 गेंद, एक छक्का, एक चौका) व बर्मिंघम में कप्तानी पारी (80 रन) खेलने वाले कप्तान शुभमन गिल (31 रन, 30 गेंद, छह चौके) ने 44 रनों की ठोस साझेदारी की। एटकिंसन ने आठवें ओवर में गिल को बेन डकेट से कैच कराया तो रोहित व विराट के बीच 60रनों की अच्छी भागीदारी आ गई। विल जैक्स ने 18वें ओवर में रोहित को विकेट के पीछे कैच करा यह भागीदारी तोड़ी तो अस्वस्थ केएल राहुल की जगह एकादश में शामिल ईशान किशन (एक रन) नहीं चल सके और सैम करन के शिकार हो गए।

कोहली व श्रेयस ने चौथे विकेट पर जोड़े 67 रन

अब विराट को श्रेयस का साथ मिला तो चौथे विकेट पर 67 रनों की एक और अर्धशतकीय आ गई। लेकिन आर्चर ने 32वें ओवर में कोहली को लौटाया (4-178) तो फिर भारतीय पारी अचानक लड़खड़ा गई और अंतिम छह बल्लेबाजों में सिर्फ जसप्रीत बुमराह (नाबाद 20 रन, 13 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) ही दहाई में पहुंच सके। दिलचस्प यह रहा कि बुमराह इस दौरान एक दिनी का अपना सर्वोच्च स्कोर बनाने में सफल रहे। एटकिंसन ने 44वें ओवर में श्रेयस सहित दो विकेट लेकर भारतीय पारी बंद की।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments