पीएम मोदी व शहबाज शरीफ को 117 हस्तियों ने लिखी चिट्ठी, भारत-पाकिस्तान तनाव खत्म करने की अपील
नई दिल्ली, 1 जुलाई। भारत व पाकिस्तान के बीच रिश्ते फिर से सामान्य बनाने की मांग को लेकर दोनों देशों की 117 प्रमुख हस्तियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके पाकिस्तानी समकक्ष शहबाज शरीफ को संयुक्त रूप से चिट्ठी लिखी है। इस चिट्ठी में भारत के 61 और पाकिस्तान के 56 लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं। यह पहल सेंटर फॉर पीस एंड प्रोग्रेस के अध्यक्ष ओपी शाह की तरफ से की गई है।
सेंटर फॉर पीस एंड प्रोग्रेस के अध्यक्ष ओपी शाह की तरफ से की गई पहल
भारत की तरफ से पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती, मीरवाइज उमर फारूक, कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर, राज्यसभा सांसद मनोज झा, रॉ के पूर्व प्रमुख एएस दुलत समेत कई एकेडमिशियन, पत्रकार, वकील और सोशल एक्टिविस्ट ने इस अपील का समर्थन किया है।
वहीं पाकिस्तान की तरफ से पूर्व विदेश मंत्री खुर्शीद महमूद कसूरी, पूर्व राजनयिक अशरफ जहांगीर काजी, वैज्ञानिक परवेज हूदभॉय और कई सोशल एक्टिविस्ट ने हस्ताक्षर किए हैं।
पत्र में कहा गया है कि भारत और पाकिस्तान दुनिया की करीब एक-पांचवीं आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं। दोनों देशों में बड़ी युवा आबादी है, लेकिन लगातार तनाव उनके बेहतर भविष्य, रोजगार और विकास के अवसरों में बाधा बन रहा है।
भारत व पाकिस्तान की सरकारों के सामने रखीं ये प्रमुख मांगें
- दोनों देशों के बीच जारी तनाव को खत्म किया जाए और बातचीत बहाल हो।
- दिल्ली और इस्लामाबाद में हाई कमिश्नर की दोबारा नियुक्ति हो।
- भारत-पाकिस्तान के बीच सामान्य हो वीजा सर्विस।
- दोनों देशों का एयरस्पेस दोबारा खोला जाए।
- धार्मिक और सांस्कृतिक आवाजाही को बढ़ावा दिया जाए।
- जम्मू-कश्मीर पर फिर से बातचीत की जाए।
- 2004 और 2007 की समग्र वार्ता प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाए।
