1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. FIFA विश्व कप 2026 : रोनाल्डो ने 24 घंटे के अंदर तोड़ा मेसी का विश्व रिकॉर्ड, पुर्तगाल की उज्बेकिस्तान पर बड़ी जीत
FIFA विश्व कप 2026 : रोनाल्डो ने 24 घंटे के अंदर तोड़ा मेसी का विश्व रिकॉर्ड, पुर्तगाल की उज्बेकिस्तान पर बड़ी जीत

FIFA विश्व कप 2026 : रोनाल्डो ने 24 घंटे के अंदर तोड़ा मेसी का विश्व रिकॉर्ड, पुर्तगाल की उज्बेकिस्तान पर बड़ी जीत

0
Social Share

ह्यूस्टन, 24 जून। मौजूदा फुटबॉली दुनिया के दो बादशाह यानी क्रिस्टियानो रोनाल्डो व लियोनेल मेसी के बीच एक दूसरे को पछाड़ने की होड़ लगी हुई है। इसी क्रम में पुर्तगाल के दिग्गज रोनाल्डो ने मंगलवार की रात FIFA विश्व कप 2026 में उज्बेकिस्तान के खिलाफ ग्रुप के लीग मैच में 5-0 की एकतरफा जीत के दौरान दो गोल ठोके और 24 घंटे के भीतर अर्जेंटीनी सितारे मेसी का विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया।

विश्व कप के एक मैच में दो गोल करने वाले सर्वाधिक उम्रदराज फुटबॉलर

ह्यूस्टन के एनआरजी स्टेडियम में रोनाल्डो ने विश्व कप इतिहास में एक ही मैच में दो गोल करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी के तौर पर नया विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया। इसके साथ ही रोनाल्डो 40 वर्ष की उम्र पार करने के बाद FIFA विश्व कप के एक मैच में दो गोल करने वाले दुनिया के पहले फुटबॉलर भी बन गए।

गौरतलब है कि लियोनेल मेसी ने एक दिन पहले यानी 22 जून को दो गोल करके सबसे ज्यादा उम्र में दो गोल करने का रिकॉर्ड बनाया था। मेसी ने ऑस्ट्रिया के खिलाफ ग्रुप जो मैच में उक्त रिकॉर्ज बनाया था और तब उनकी उम्र 38 वर्ष और 363 दिन थी।

विश्व कप के 6 संस्करणों में गोल करने वाले इकलौते खिलाड़ी

वहीं एक दिन बाद 23 जून को रोनाल्डो की उम्र 41 वर्ष और 138 दिन थी, जिन्होंने दर्शकों से खचाखच भरे एनआरजी स्टेडियम में छठे मिनट में पहला गोल करके पुर्तगाल का खाता खोला और 39वें मिनट में अपना दूसरा गोल ठोक दिया। मैच में दो गोल करके उन्होंने छह अलग-अलग फीफा विश्व कप संस्करणों (2006, 2010, 2014, 2018, 2022, 2026) में गोल करने वाले दुनिया के एकमात्र खिलाड़ी बन गए जबकि मेसी का भी यह छठा वर्ल्ड कप है, लेकिन वो 2010 में एक भी गोल नहीं कर सके थे।

पुर्तगाल के लिए सबसे ज्यादा गोल

इसके अलावा, उज्बेकिस्तान के खिलाफ इन दो गोलों के साथ रोनाल्डो ने अपने देश के लिए एक और ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया है। वह विश्व कप के इतिहास में पुर्तगाल के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। रोनाल्डो ने अब तक खेले गए 24 विश्व कप मैचों में कुल 10 गोल किए हैं। इससे पहले, पुर्तगाल के महान फुटबॉलर यूसेबियो ने 1966 वर्ल्ड कप के एक ही टूर्नामेंट में नौ गोल किए थे और दशकों तक शीर्ष पर रहे थे। रोनाल्डो ने अपने हालिया मैच में उस रिकॉर्ड को तोड़ दिया।

मेसी का एक रिकॉर्ड नहीं तोड़ सके रोनाल्डो

हालांकि रोनाल्डो के पास इस मैच में गोल करने का एक और मौका था, लेकिन दुर्भाग्य से ऐसा नहीं हो सका। यदि वह तीसरा गोल कर लेते, तो विश्व कप के इतिहास में ‘हैट-ट्रिक’ (एक ही मैच में तीन गोल) लगाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी के तौर पर विश्व रिकॉर्ड भी बना लेते। वह रिकॉर्ड अभी मेसी के नाम है। मेसी ने गत 16 जून को अल्जीरिया के खिलाफ मैच में शानदार हैट्रिक लगाई थी। उस समय मेसी की उम्र 38 वर्ष और 357 दिन थी।

ग्रुप के से कोलम्बिया नॉकआउट दौर में, पुर्तगाल की पहली जीत

अब मैच की बात करें तो पुर्तगाल ने उज्बेकिस्तान को 5-0 को बड़े अंतर से हराकर मौजूदा संस्करण में पहली जीत दर्ज की। उसने अपने पहले मैच में डीआर कांगो के साथ 1-1 से ड्रॉ खेलकर निराश किया था। उज्बेकिस्तान के खिलाफ मैच में रोनाल्डो के दो गोलों के अलावा नूनो मेंडेस, जोआओ फेलिक्स और राफेल लियाओ ने एक-एक गोल किया।

उधर कोलम्बिया ने ग्वाडलहारा स्टेडियम में कांगो को 1-0 से परास्त कर लगातार दूसरी जीत से नॉकआउट दौर में जगह सुरक्षित कर ली। पुर्तगाल के दो मैचों में चार अंक हैं और उसकी अंतिम टक्कर कोलम्बिया से 27 जून को मियामी में होगी।

ग्रुप एल में इंग्लैंड को झटका, घाना ने गोलरहित रोका

उधर ग्रुप एल में इंग्लैंड को बड़ा झटका लगा, जिसे बोस्टन स्टेडियम में घाना ने गोलरहित रोक दिया जबकि इसी ग्रुप में क्रोएशिया ने टोरंटो में पनामा को 1-0 से हरा दिया। अब ग्रुप में इंग्लैंड व घाना के बराबर चार-चार अंक हैं जबकि क्रोएशिया तीन अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है।

प्रारंभिक लीग के दो चरण पूरे, ये टीमें नॉकआउट दौर में पहुंचीं

कुल मिलाकर देखें तो 23 जून के मैचों के साथ ही 48 टीमों के बीच 12 ग्रुपों के बीच जारी प्रारंभिक लीग का दूसरा चरण पूरा हो चुका है। 24 मैचों का तीसरा चरण बुधवार से शुरू होगा, जिसके बाद नॉकआउट दौर की लाइनअप तय होगी। अब तक कुल सात टीमों – मेक्सिको (ग्रुप ए), अमेरिका (ग्रुप डी), जर्मनी (ग्रुप ई), फ्रांस व नॉर्वे (दोनों ग्रुप आई), अर्जेंटीना (ग्रुप जे) और कोलम्बिया (ग्रुप के) की टीमें नॉकआउट दौर (अंतिम 32) में जगह सुरक्षित कर चुकी हैं।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code