1. Home
  2. हिन्दी
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. ट्रंप ने की घोषणा : अमेरिका-ईरान समझौते पर रविवार को होगा हस्ताक्षर, होर्मुज सबके लिए खुल जाएगा
ट्रंप ने की घोषणा : अमेरिका-ईरान समझौते पर रविवार को होगा हस्ताक्षर, होर्मुज सबके लिए खुल जाएगा

ट्रंप ने की घोषणा : अमेरिका-ईरान समझौते पर रविवार को होगा हस्ताक्षर, होर्मुज सबके लिए खुल जाएगा

0
Social Share

वॉशिंगटन/तेहरान, 13 जून। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा कि मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध को समाप्त करने के लिए ईरान से समझौते पर रविवार को हस्ताक्षर किया जाएगा।  ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा कि ईरान के साथ समझौता रविवार को साइन होने वाला है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज समझौते के तुरंत बाद सभी के लिए खुल जाएगा। यह वैश्विक तेल आपूर्ति की धमनी है, जिसे ईरान ने बंद कर रखा है।

डोनाल्ड ट्रंप ने प्रस्तावित समझौते की तुलना पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के समय 2015 में हुए परमाणु समझौते (JCPOA) से की। उन्होंने कहा, ‘बराक हुसैन ओबामा का ईरान के साथ समझौता JCPOA परमाणु हथियार के लिहाज से आसान था। ईरान को छह साल पहले ही परमाणु हथियार मिल गया होता और अब तक इसका इस्तेमाल भी कर चुका होता। मेरा ईरान के साथ समझौता बिल्कुल उलटा है। परमाणु हथियार के लिए दीवार होगा! वास्तव में, वे अब परमाणु हथियार नहीं चाहते और न ही उन्हें मिलेगा। न खरीदकर, न बनाकर और न ही किसी अन्य तरीके से।’

ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर क्या बोले ट्रंप

राष्ट्रपति ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम प्रभावी रूप से निष्क्रिय कर दिया गया है और बचे हुए परमाणु पदार्थ को बाद के चरण में निबटाया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘सही समय पर जब सब शांत हो जाएगा, हम अंदर जाएंगे और परमाणु धूल को निकाल लेंगे, जो शक्तिशाली डूबी हुई ग्रेनाइट पहाड़ियों के गहरे अंदर दबी हुई है। हमारे शानदार B-2 बॉम्बर्स और उनके शानदार पायलट्स को शुक्रिया, हम इसे डाउनब्लेंड करके नष्ट कर देंगे। चाहे ईरान में हो या संयुक्त राज्य अमेरिका में।’

ईरान का इनकार – समझौते पर हस्ताक्षर की अंतिम समय सीमा तय नहीं

फिलहाल ट्रंप के उलट ईरान ने कहा है कि तेहरान और वॉशिंगटन के बीच जिस समझौते (MOU) की उम्मीद थी, उस पर रविवार को हस्ताक्षर नहीं होंगे। हालांकि, अधिकारियों ने आने वाले दिनों में समझौते को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया है।

सरकारी मीडिया से बात करते हुए, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि दस्तावेज़ पर बातचीत जारी है और इस पर हस्ताक्षर करने की अंतिम समय सीमा अब तक तय नहीं की गई है।

पाक पीएम शहबाज बोले- शांति समझौता अगले 24 घंटों में ले सकता है अंतिम रूप

इससे पहले, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि अमेरिका-ईरान शांति समझौता अगले 24 घंटों में अंतिम रूप ले सकता है। शहबाज ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘हम शांति समझौते के पहले से कहीं ज्यादा करीब हैं। अगले 24 घंटों में इसके अंतिम रूप लेने की उम्मीद है, जिसके तुरंत बाद पाकिस्तान शांति समझौते पर इलेक्ट्रॉनिक तरीके से हस्ताक्षर कराने की तैयारी कर रहा है और उसके बाद अगले सप्ताह तकनीकी स्तर की बातचीत होगी।’ उन्होंने बातचीत के दौरान अमेरिका और ईरान की लगातार प्रतिबद्धता के लिए उनका धन्यवाद किया और क्षेत्र के देशों से मिले समर्थन की सराहना की।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code