पीएम मोदी फ्रांस पहुंचे, भारतीय समुदाय ने नीस में किया भव्य स्वागत, मैक्रों संग करेंगे ‘भारत इनोवेट्स’ का शुभारंभ
नीस (फ्रांस), 13 जून। दो यूरोपीय देशों (फ्रांस व स्लोवाकिया) की छह दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर निकले भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार की शाम फ्रांसीसी शहर नीस पहुंचे। फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के निमंत्रण पर पहुंचे पीएम मोदी 13 से 14 जून तक नीस और इसके बाद 16 से 18 जून तक एवियन व पेरिस की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। अपनी यात्रा के तहत वह विभिन्न कार्यक्रमों और उच्चस्तरीय बैठकों में हिस्सा लेंगे।
Landed in Nice. In addition to Nice, this France visit includes programmes in Evian and Paris. There will be bilateral and multilateral engagements, which will be aimed at improving India’s friendships with key developmental partners.
I look forward to meeting President Macron… pic.twitter.com/ipZLlu4Usl
— Narendra Modi (@narendramodi) June 13, 2026
पीएम मोदी व फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों के बीच होगी द्विपक्षीय बैठक
नीस में रविवार को पीएम मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों के बीच द्विपक्षीय बैठक होगी। मोदी और मैक्रों के बीच भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी, रक्षा सहयोग, व्यापार, निवेश और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
दोनों नेता उसके बाद ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। भारत-फ्रांस इनोवेशन वर्ष के दौरान आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में 120 से अधिक भारतीय स्टार्टअप्स के साथ-साथ वैश्विक निवेशक, सीईओ और टेक्नोलॉजी लीडर्स हिस्सा लेंगे।
A memorable welcome from the Indian community in Nice.
Though they may be several kilometres away from home, the bond of our diaspora with India remains as strong as ever. pic.twitter.com/CGEkEWyjLV
— Narendra Modi (@narendramodi) June 13, 2026
इस बीच नीस शहर में भारतीय समुदाय ने पीएम मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। होटल पहुंचते ही बड़ी संख्या में भारतीय मूल के लोग उनके स्वागत के लिए एकत्रित हुए और देशभक्ति के माहौल के बीच तिरंगा लहराते हुए उनका अभिनंदन किया।
‘भारत माता की जय‘ और ‘मोदी-मोदी‘ जैसे नारों के साथ स्वागत
प्रधानमंत्री के स्वागत के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। भारतीय समुदाय के सदस्यों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘मोदी-मोदी’ जैसे नारों के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान होटल परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। भारतीय समुदाय द्वारा मिले इस आत्मीय स्वागत ने दोनों देशों के बीच मजबूत सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों की झलक भी पेश की।
स्लोवाकिया दौरे में पीएम फिको व राष्ट्रपति पीटर से करेंगे मुलाकात
पीएम मोदी 14 जून की शाम फ्रांस से स्लोवाकिया जाएंगे और 15 जून तक रुकेंगे। इस दौरान स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको और राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रीनी से मुलाकात करेंगे। 1993 में स्लोवाकिया के आजाद देश बनने के बाद किसी भारतीय पीएम का यह पहला दौरा है।
G7 समिट के दौरान पीएम मोदी की अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से होगी मुलाकात
पीएम मोदी स्लोवाकिया से फिर फ्रांस लौटेंगे और 16 से 18 जून तक एवियन में रहेंगे, जहां उनकी 17 जून को G7 समिट के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से द्विपक्षीय मुलाकात होगी। दोनों नेताओं में 16 महीने बाद आमने-सामने की मुलाकात होगी। दोनों आखिरी बार फरवरी, 2025 में वॉशिंगटन में मिले थे। 2025 में कनाडा में हुए G7 समिट में भी पीएम मोदी शामिल हुए थे। लेकिन ट्रंप समिट बीच में छोड़कर चले गए थे, जिससे दोनों की मुलाकात नहीं हो सकी थी।
2014 के बाद से पीएम मोदी की फ्रांस की सातवीं यात्रा
वस्तुतः पीएम मोदी इस यात्रा को यूरोप के साथ भारत के रिश्तों में अहम मोड़ माना जा रहा है। 2014 के बाद से पीएम मोदी की फ्रांस की यह सातवीं यात्रा है। हालांकि यूरोपीय यूनियन (EU) से हुए फ्री ट्रेड डील के बाद भारत के पीएम मोदी की यह पहली फ्रांस यात्रा है। पश्चिमी दुनिया में भारत की सबसे पुरानी और भरोसेमंद रणनीतिक साझेदारियों में से एक फ्रांस के साथ है। यह यात्रा इसी पर केंद्रित होगी। भारत की स्ट्रेटेजी में फ्रांस का एक खास स्थान है।
