ओमान एयर फोर्स बना संकटमोचक : हमले के बाद पलाऊ का ध्वज लगे टैंकर में लगी आग तो 24 भारतीयों को बचाया
नई दिल्ली, 8 जून। ओमान एयर फोर्स उस समय संकटमोचक बनकर उभरा, जब उसने पलाऊ का ध्वज लगे टैंकर में आग लगने के बाद 24 भारतीयों को सुरक्षित निकाल लिया।
दरअसल, सोमवार को ओमान तट के पास पलाऊ के झंडे वाले टैंकर पर हमला हुआ, जिसके बाद टैंकर में आग लग गई। टैंकर पर 24 भारतीय कर्मी सवार थे, जिन्हें बाद में ओमान एयर फोर्स की ओर से सुरक्षित निकाल लिया गया। एमटी मैरिवेक्स के कर्मियों ने दोपहर 1.30 बजे आग की सूचना दी।
UPDATE ON MT MARIVEX INCIDENT
Repatriation by the Navy is currently underway. As per information received directly from crew members, the majority of the crew have been reported safe.
Our union remains in continuous contact with the crew and relevant authorities and is closely… https://t.co/s232XKjKXm pic.twitter.com/Nvc0o274LG— All India Seafarers Union (@AllSeafarers) June 8, 2026
शिपिंग मंत्रालय में निदेशक ओपेश कुमार शर्मा ने बताया कि जहाज स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से काफी दूर दक्षिण की ओर था। उन्होंने कहा कि सभी कर्मी सुरक्षित हैं। कुछ घंटों बाद ओमान एयर फोर्स के हेलीकॉप्टर से सभी कर्मियों को निकाला गया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जारी वीडियो में यह दिखाया गया।
मैरिवेक्स के कर्मियों की ओर से भेजे गए SOS संदेश की ऑडियो रिकॉर्डिंग में एक सदस्य ने कहा कि जहाज के इंजन रूम में यूएस नेवी के मिसाइल हमले के बाद आग लग गई। निदेशक शर्मा ने बताया कि भारतीय अधिकारी यह जांच रहे हैं कि क्या जहाज पर कोई प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ था। शिपिंग मंत्रालय ने इस मामले में विदेश मंत्रालय, ओमान में भारतीय मिशन, रक्षा मंत्रालय और भारतीय नौसेना के साथ समन्वय किया ताकि कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
कर्नाटक से ओमान के दुक्म जा रहा था जहाज
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मैरिवेक्स कर्नाटक के करवार से ओमान के दुक्म जा रहा था। भारत के सबसे पुराने संगठनों में से एक फॉरवर्ड सीमेन यूनियन ऑफ इंडिया (FSUI) ने सोशल मीडिया पर लिखा कि 24 भारतीय नाविकों वाले जहाज पर हमला बेहद गंभीर चिंता का विषय है। यूनियन ने आगे कहा, ‘FSUI पूरे चालक दल की सुरक्षा, उनके परिवारों को सहायता और समुद्र में नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए त्वरित और समन्वित काररवाई की मांग करती है।’
गौरतलब है कि ओमान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास स्थित है, जिसे ईरान ने फरवरी में इजराइल और अमेरिका के साथ शुरू हुए संघर्ष के बाद से बंद कर रखा है। मैरिवेक्स पर हमला इजराइल और ईरान के बीच रविवार से शुरू हुई नई शत्रुता की पृष्ठभूमि में हुआ है। संघर्ष शुरू होने के बाद अब तक पश्चिम एशिया में 10 भारतीयों की मौत हो चुकी है, जिनमें शुरुआती दिनों में मर्चेंट जहाजों पर हुए हमलों में मारे गए तीन नाविक भी शामिल हैं।
