वाराणसी, 25 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी दौरे और भारतीय वायुसेना के भव्य एयर शो ‘विंग्स ओवर गंगा’ को लेकर काशी में उत्साह का माहौल है। भारतीय वायुसेना के 94 गौरवशाली वर्षों के उपलक्ष्य में 25 अक्टूबर को नमो घाट पर एयर शो का आयोजन किया जा रहा है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के काशी आगमन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन भारतीय वायुसेना के शौर्य और पराक्रम को प्रदर्शित करने के साथ-साथ औद्योगिक विकास और सनातन संस्कृति के गौरव को भी नई ऊंचाई प्रदान करेगा।
सीएम योगी बोले- काशी का आकाश वायुसेना के शौर्य से होगा गौरवान्वित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो को लेकर खुशी जताई। उन्होंने लिखा कि अविनाशी काशी का आकाश भारतीय वायुसेना के शौर्य और पराक्रम से गौरवान्वित होगा। इस गौरवपूर्ण अवसर पर बाबा विश्वनाथ की नगरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन है। सीएम योगी ने कहा कि भारतीय वायुसेना के 94 गौरवशाली वर्षों के उपलक्ष्य में नमो घाट पर आयोजित इस एयर शो में दोनों नेताओं का सानिध्य प्राप्त होगा। यह आयोजन देश की सैन्य शक्ति और वायुसेना की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने का अवसर है।
पीएम मोदी करेंगे परिधान निर्माण इकाई का उद्घाटन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में औद्योगिक विकास का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने वाराणसी दौरे के दौरान अरविंद लिमिटेड की नई परिधान निर्माण इकाई का उद्घाटन करेंगे। इससे वस्त्र उद्योग और क्षेत्र के औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, मां गंगा की पावन धरती पर राष्ट्र रक्षा का पराक्रम, औद्योगिक विकास का संकल्प और सनातन संस्कृति का गौरव एक साथ दिखाई देगा। उन्होंने इसे नए भारत की सामर्थ्य और विकास यात्रा से जोड़कर देखा।
केशव प्रसाद मौर्य ने भी किया पीएम मोदी का स्वागत
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। उन्होंने लिखा, “देश की सांस्कृतिक राजधानी एवं बाबा विश्वनाथ की पावन नगरी काशी आगमन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आपका हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन!”
25 अक्टूबर को वाराणसी पहुंचेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के वाराणसी दौरे पर हैं। इस दौरान वह नमो घाट पर आयोजित भारतीय वायुसेना के एयर शो ‘विंग्स ओवर गंगा’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। एयर शो को लेकर प्रधानमंत्री ने दौरे से एक दिन पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वायुसेना के विमानों की तस्वीरें साझा की थीं। पीएम मोदी ने तस्वीरों के साथ लिखा था, “उल्टी गिनती शुरू हो गई है। ‘विंग्स ओवर गंगा’, 25 अक्टूबर को वाराणसी में।” भारतीय वायुसेना के 94 वर्षों के गौरवशाली इतिहास को समर्पित यह आयोजन काशी में देश की सैन्य क्षमता, वायुसेना के पराक्रम और राष्ट्रीय गौरव को प्रदर्शित करने वाला महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।


