1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. न्यू चंडीगढ़ टेस्ट : गेंदबाजों ने टीम इंडिया को दिलाई सबसे बड़ी जीत, तीसरे ही दिन पारी व 300 रनों से पिटा अफगानिस्तान
न्यू चंडीगढ़ टेस्ट : गेंदबाजों ने टीम इंडिया को दिलाई सबसे बड़ी जीत, तीसरे ही दिन पारी व 300 रनों से पिटा अफगानिस्तान

न्यू चंडीगढ़ टेस्ट : गेंदबाजों ने टीम इंडिया को दिलाई सबसे बड़ी जीत, तीसरे ही दिन पारी व 300 रनों से पिटा अफगानिस्तान

0
Social Share

न्यू चंडीगढ़, 8 जून। बल्लेबाजों के पराक्रमी प्रदर्शन के बाद स्वप्निल पदार्पण करने वाले वामहस्त स्पिनर मानव सुथार (7-62) की अगुआई में गेंदबाजों ने अफगनिस्तान की बल्लेबाजी पंक्ति बिखेर कर रख दी और टीम इंडिया ने सोमवार को यहां इकलौते टेस्ट मैच में तीसरे ही दिन चाय विश्राम के बाद पारी व 300 रनों की भारी भरकम जीत हासिल कर ली।

टेस्ट इतिहास में यह भारत की सबसे बड़ी जीत है। इसके पहले भारत ने 2018 में वेस्टइंडीज को राजकोट टेस्ट में पारी व 272 रनों से शिकस्त दी थी।

स्वप्निल पदार्पण के बीच मानव सुथार ने झटके 7 विकेट

महाराजा यादविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत ने पहली पारी में विशाल स्कोर (8-564 पारी घोषित) खड़ा करने के बाद मानव व प्रसिद्ध कृष्णा के सहारे दूसरे दिन खेल समाप्ति तक अफगान टीम को 5-113 पर रोक उसे फॉलोआन के खतरे में धकेल दिया था।

मानव व कृष्णा के सामने अफगानों की पहली पारी 152 पर सीमित

राजस्थान के 23 वर्षीय गेंदबाजी हरफनमौला ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ सुथार ने तीसरे दिन भी मारक गेंदबाजी जारी रखते हुए करिअर की पहली ही पारी में सिर्फ 33 रन खर्च कर छह विकेट झटक लिए। उन्हें प्रसिद्ध कृष्णा (3-37) व वॉशिंगटन सुंदर  (1-21) का सहयोग मिला और मेहमानों की पहली पारी रहमत शाह के अर्धशतकीय प्रयास (60 रन, 135 गेंद, 220 मिनट, एक छक्का, नौ चौके) के बावजूद लंच के पहले ही 58.4 ओवरों में 152 रनों पर बिखर गई।

सुंदर व कुलदीप ने दूसरी पारी 112 रनों पर समेट दी

पहली पारी में 412 रनों की लीड खाने के बाद फॉलोआन खेलने पर बाध्य अफगानों की दूसरी पारी में कहीं ज्यादा दुर्गति हो गई। इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है कि स्पिनर्स – सुंदर (4-36), कुलदीप यादव (3-30) व मानव (1-29) एवं पेसर मो सिराज (1-11) ने अफगान पारी तीसरे सत्र में ड्रिंक्स के पहले ही 35.5 ओवरों में 112 रनों पर समेट दी।

स्कोर कार्ड

इस दौरान ओपनर सेदिकुल्ला अटल (42 रन, 80 गेंद, 137 मिनट, एक छक्का, पांच चौके) के अलावा रहमतुल्ला गुरबाज (24 रन, 24 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) व रहमत शाह (13 रन, एक चौका) ही दहाई में पहुंच सके।

एक दिनी सीरीज का पहला मैच धर्मशाला में 13 जून को

एकमात्र टेस्ट के बाद दोनों टीमें अब तीन मैचों की एक दिनी अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेलेंगी। सीरीज का पहला मैच धर्मशाला में 13 जून को खेला जाएगा। उसके बाद लखनऊ (17 जून) व चेन्नई (20 जून) में अगले दोनों मैच होंगे।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code