1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. NEET-UG पेपर लीक पर सरकार सख्त : शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान बोले- CBI करेगी तह तक जांच
NEET-UG पेपर लीक पर सरकार सख्त : शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान बोले- CBI करेगी तह तक जांच

NEET-UG पेपर लीक पर सरकार सख्त : शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान बोले- CBI करेगी तह तक जांच

0
Social Share

नई दिल्ली, 15 मई । NEET-UG 2026 परीक्षा को लेकर बड़ा फैसला लेते हुए केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने पुनर्परीक्षा की नई तारीख 21 जून 2026 घोषित कर दी है। पेपर लीक मामले के सामने आने के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई थी, जिसके बाद लाखों छात्रों और अभिभावकों में चिंता का माहौल था। अब केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने स्पष्ट किया है कि छात्रों के भविष्य और मेहनत की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि 3 मई को आयोजित परीक्षा के बाद 7 मई को NTA को कुछ शिकायतें मिली थीं, जिनमें दावा किया गया कि कथित “गेस पेपर” के कई प्रश्न असली परीक्षा में पूछे गए थे।

इसके बाद केंद्र सरकार और NTA ने तुरंत जांच शुरू की और विभिन्न राज्यों की एजेंसियों से संपर्क किया। जांच में पेपर लीक की पुष्टि होने पर सरकार ने 12 मई को परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया। शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार नहीं चाहती थी कि “एजुकेशन माफिया” और असामाजिक तत्वों की वजह से ईमानदार छात्रों का भविष्य प्रभावित हो। उन्होंने कहा, “यह परीक्षा माफियाओं के खिलाफ लंबी लड़ाई है। हम इस बार किसी भी तरह की गड़बड़ी नहीं होने देंगे।”

उन्होंने सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक जानकारियों को लेकर भी चिंता जताई। मंत्री ने कहा कि कई सोशल मीडिया हैंडल छात्रों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सरकार हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है। धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंप दी गई है और एजेंसी ने तेजी से कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि CBI इस पूरे नेटवर्क की “तह तक जाएगी” और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

NTA को लेकर उठ रहे सवालों पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह संस्था सुप्रीम कोर्ट की सिफारिश पर बनाई गई थी और हर साल लगभग 1 करोड़ छात्रों की परीक्षाएं कराती है। उन्होंने कहा कि सरकार NTA की कार्यप्रणाली को और मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि भविष्य में “जीरो गलती” सुनिश्चित की जा सके। सरकार ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे केवल NTA के आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर ही भरोसा करें। किसी भी जानकारी के लिए छात्र NTA की आधिकारिक ईमेल आईडी neet-ug@nta.ac.in या हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 और 011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code